ग्रामसभा खनिया में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ मां दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू, पंडाल में भजन-कीर्तन से बही भक्ति रस की बयार

रानीखेत – नगर के निकटवर्ती ग्राम सभा खनिया में मां दुर्गा पूजा महोत्सव का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। मां दुर्गा पंडाल में माता की मूर्ति की पूजा अनुष्ठान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई। वहीं महिलाओं की मंडली ने भजन कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बता दें कि ग्राम सभा खनिया में बीते आठ वर्षों से अनवरत मां दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन होता आ रहा है।इसवर्ष भी मां दुर्गा पूजा महोत्सव भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को पंडाल में मां दुर्गा की मूर्ति की पूजा अनुष्ठान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई। पुरोहित पं विपिन चन्द्र पंत ने यजमान महेंद्र सिंह व चम्पा देवी के कर कमलों से पूजा संपन्न कराई। तदुपरांत आरती और महिला मंडली के कीर्तन-भजन से भक्तिरस की बयार बहती रही।इस दौरान मां दुर्गा पूजा महोत्सव समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट व मदन सिंह बिष्ट सहित आयोजन में जुटे अन्य लोग मौजूद रहे।




