उत्तराखंड सरकार द्वारा नव नियुक्त मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष प्रो. (डॉ) गोविंद सिंह का दिल्ली में भव्य स्वागत व संवाद समारोह सम्पन्न

नई दिल्ली (प्रकृतलोक ब्यूरो)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पिथौरागढ़ (थल) के शौ ग्राम निवासी वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और जाने-माने शिक्षाविद् प्रो.(डॉ) गोविंद सिंह को मीडिया सलाहकार समिति का अध्यक्ष नियुक्त करने पर दिल्ली एनसीआर में विभिन्न मीडिया प्रतिष्ठानों में कार्यरत रहे पत्रकारों, जानीमानी सांस्कृतिक, सामाजिक संगठनों, उद्योग जगत तथा देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े प्रबुद्ध जनों द्वारा चाणक्य पुरी स्थित उत्तराखंड सदन में भव्य स्वागत एवं संवाद समारोह का आयोजन हिमालयन रिसोर्सेज एन्हासमेंट सोसाइटी के सौजन्य व नीरज बवाड़ी तथा अमर संदेश तथा जन जन की आवाज मीडिया ग्रुप मुख्य संपादक अमरचंद के सहयोग से आयोजित किया गया।
आयोजित भव्य स्वागत एवं संवाद समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फलक पर ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक संस्था पर्वतीय कला केंद्र दिल्ली अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार चंद्र मोहन पपनै द्वारा विश्व ब्राह्मण सभा अध्यक्ष के सी पांडे, वरिष्ठ पत्रकार महिपाल सिंह, भाजपा प्रकोष्ठ अध्यक्ष नरेंद्र मनराल, गढ़वाल हितैषिणी सभा महासचिव प्रोफेसर पवन मैठाणी, कुमाऊनी, गढ़वाली व जौनसारी अकादमी दिल्ली सरकार के पूर्व उपाध्यक्ष एम एस रावत, भारतीय उद्योग जगत से जुड़े नरेंद्र लडवाल तथा पूर्व पार्षद तुलसी जोशी मंचासीनों की प्रभावी उपस्थिति में की गई।
आयोजित स्वागत एवं संवाद समारोह में सभी मंचासीन प्रबुद्ध जनों द्वारा वरिष्ठ पत्रकार एवं शिक्षाविद तथा भारत के प्रतिष्ठित पत्रकारिता गणेश शंकर विद्यार्थी सम्मान प्राप्त प्रो.(डॉ) गोविंद सिंह को पुष्प गुच्छ भेंट कर व शाल ओढ़ा कर स्वागत अभिनन्दन किया गया, बधाई दी गई।
आयोजित स्वागत एवं संवाद समारोह में दिल्ली एनसीआर में विभिन्न मीडिया प्रतिष्ठानों में कार्यरत रहे पत्रकारों, जानीमानी सांस्कृतिक, सामाजिक संगठनो, उद्योग जगत व प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े प्रबुद्ध जनों द्वारा लंबी कतार लगा कर नव नियुक्त मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष प्रो.(डॉ) गोविंद सिंह को पुष्पगुच्छ व शाल ओढ़ा कर स्वागत, अभिनन्दन किया गया, बधाई दी गई।
खचाखच भरे उत्तराखंड सदन सभागार में उपस्थित पत्रकारों, साहित्यकारो, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्था पदाधिकारियों, रंगकर्मियों, उद्योग जगत व राजनीति से जुड़े प्रबुद्ध जनों में डॉ. हरीश लखेड़ा, पूनम बिष्ट, व्योमेश जुगरान, दाताराम चमोली, डॉ. विनोद बछेती, अमरचंद, डॉ. के सी पांडे, गोपाल उप्रेती, रमेश चंद्र कांडपाल, दुर्गा सिंह भंडारी, मदन मोहन सती, कुंदन कुमार सिंह, अजय सिंह बिष्ट, सुरेंद्र हाल्सी, शिव दत्त पंत, मुकेश सुंदरियाल, संतोष बडोनी, संयोगिता ध्यानी, अंजू भंडारी, दिनेश जोशी, दीन दयाल जुयाल, मंगल सिंह नेगी, रेनू उनियाल इत्यादि इत्यादि द्वारा अपना स्वयं व संस्था, संस्थान का परिचय देकर वरिष्ठ पत्रकार एवं शिक्षाविद प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। पारदर्शी होकर निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता व पत्रकारी शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रेरणादाई कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। मिले महत्वपूर्ण दायित्व पर बधाई दी गई।
आयोजित स्वागत एवं संवाद समारोह में उपस्थित प्रबुद्ध जनों द्वारा हर्ष व्यक्त कर कहा गया, पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह को मीडिया सलाहकार समिति का अध्यक्ष बनाना एक अच्छी सोच व स्वागत योग्य कदम रहा है। उक्त पद एक सुयोग्य, कर्मठ, अति अनुभवी व पारदर्शी व्यक्ति को दिया गया है। वक्ताओं द्वारा कहा गया, प्रोफेसर (डॉ) गोबिंद सिंह का नाम देश के पत्रकारिता के क्षेत्र में एक जाना पहचाना नाम रहा है। अनेक पत्रकारों को रास्ता दिखाने का उन्होंने प्रेरणादाई कार्य किया है।
प्रबुद्ध जनों द्वारा कहा गया, विगत अनेक दशकों तक पत्रकारिता से जुड़े रहे प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह को अब राज्य की मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष के तौर पर बहुत बड़ा कार्य करना है, जिम्मेवारी बड़ी है। कहा गया, उन्हें दिल्ली महानगर से अंचल के प्रवासी पत्रकारों द्वारा अपने स्वयं के प्रयासों से उत्तराखंड व देश के प्रमुख समसामयिक विषयों को प्रमुखता से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकाशित करने व प्रकाश में लाने हेतु किए जा रहे कार्यों व प्रयासों को देख परख प्रत्येक स्तर पर उत्तराखंड सरकार को मदद करनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों के स्वास्थ सेवाओं तथा राज्य परिवहन की बसों में यात्रा सुविधा का लाभ दिलवाने तथा बीमा योजना हेतु कार्य किया जाना चाहिए।
प्रबुद्ध जनों द्वारा कहा गया, पत्रकारिता के क्षेत्र में अति अनुभव प्राप्त प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह को जो मीडिया से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है, उससे निश्चय ही पत्रकारों को सुकून मिलेगा, क्योंकि दायित्व सुयोग्य व सुलझे हुए व्यक्ति को दिया गया है, जिसका जीवन अत्यधिक सरल रहा है, जो उक्त विधा के पूर्ण ज्ञाता हैं। पत्रकारों द्वारा कहा गया, निश्चय ही भविष्य में उत्तराखंड के विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहे पत्रकारों को भी मदद मिलेगी, बल मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अंचल में किए जा रहे कार्यों को मजबूती मिलेगी। पत्रकारों को अनुभवी पत्रकार डॉक्टर गोविंद सिंह के सानिध्य में सही राह मिलेगी। कहा गया, आज उत्तराखंड को प्रत्येक क्षेत्र में कर्मठ होकर काम करने वालों की जरूरत है।
प्रबुद्ध जनों द्वारा कहा गया, प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह को मीडिया का बड़ा दायित्व मिलने से उक्त पद सुशोभित हुआ है। वे मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। उक्त दायित्व मिलने से सरकार के साथ प्रवासियों की भी कड़ी जुड़ेगी उम्मीद की जा सकती है। कहा गया, अंचल के लोगों के बहुत से इश्यू हैं, जिन्हें सरकार तक पहुंचाया जाए तो अच्छा होगा। अंचल के लोग उम्मीद करते हैं डॉक्टर गोविंद सिंह अच्छा काम करेंगे। दिल्ली में पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रभावशाली व्यक्तित्व के धनी प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह की अच्छी छवि रही है। उक्त प्रभावशाली दायित्व मिलने से उत्तराखंड को बड़े स्तर पर लाभ मिलेगा। प्रवासी जन क्या करना व कहना चाहते हैं, उनकी राज्य के मुख्यमंत्री से क्या उम्मीदें हैं, उक्त बाते अध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति डॉक्टर गोविंद सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराई जा सकेंगी।
मंचासीन प्रबुद्ध जनों द्वारा डॉक्टर गोविंद सिंह को सरल, सहज, सौम्य, गूढ़, मृदुभाषी, विनम्र व्यक्तित्व तथा अच्छे चरित्र का धनी कहा गया। जनता का प्रतिबिंब और उत्तराखंड का गौरव कहा गया। अंचल के लोगों की भावनाओं का ज्ञाता कहा गया। मंचासीन प्रबुद्ध जनों द्वारा कहा गया, पूर्व में देखा गया है, उत्तरदायित्व को संभालने से पूर्व डॉक्टर गोविंद सिंह अपने आप को उस लायक बनाते हैं, तैयारी करते हैं। वर्तमान में जो जिम्मेवारी मिली है, उम्मीद है राज्य के संवर्धन हेतु वे आंख और कान के रूप में काम करेंगे।
वक्ताओं द्वारा भविष्य में उत्तराखंड में जो परिसीमन होना है उस पर चिंता व्यक्त की गई। उक्त परिसीमन से अंचल के लोगों के समक्ष जो चुनौती खड़ी होनी है, उससे कैसे निपटा जाएगा, उक्त चुनौती पर वक्ताओं द्वारा डॉक्टर गोबिंद सिंह की सोच और राय को महत्वपूर्ण माना गया। आशा व्यक्त की गई, अंचल के जन की भावनाओं को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाने का कार्य डॉक्टर गोबिंद सिंह जी करेंगे और खरे उतरेंगे, समस्या समाधान की पहल करेंगे।
मंचासीन प्रबुद्ध जनों द्वारा कहा गया, मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष का दायित्व मिलने से प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह की जिम्मेदारी बढ़ गई है। सुलझे हुए व्यक्ति हैं, सीमा में रह कर कितना काम कर सकते हैं देखना होगा। ब्यूरोक्रेट कितना मदद करेंगे देखना होगा, क्योंकि संवैधानिक पद की अलग सीमाएं होती हैं। कहा गया, उम्मीद की जा सकती है सरकार और मीडिया के बीच कॉर्डिनेशन अच्छा बनेगा।
मंचासीन वक्ताओं द्वारा कहा गया, उत्तराखंड सरकार के माध्यम से प्रवासी संस्थाओं को जोड़ कर डॉ. गोविंद सिंह मार्गदर्शन का काम करेंगे। सरकार विभिन्न विधाओं में प्रेरणादाई कार्य कर रही प्रवासी सांस्कृतिक संस्थाओं, कलाकारों, पत्रकारों, साहित्यकारों इत्यादि इत्यादि का सम्मान करेगी, मदद करेगी।
प्रोफेसर (डॉ.) गोविंद सिंह द्वारा इस अवसर पर कहा गया, वे देश के विभिन्न मीडिया प्रकाशनों में डेस्क या एडिटोरियल बोर्ड में रहे हैं। चकाचौंध से सदा दूर रहे हैं। उपस्थित सभी पत्रकारों व प्रबुद्ध जनों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, वे तारीफ के काबिल नहीं हैं, तारीफ से अहंकार बढ़ जाता है। तारीफ उनके लिए चुनौती स्वरूप है, कंधे पर भार है। डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा, छोटे पत्रकारों के लिए कार्य करना होगा। काम बहुत है, उत्तराखंड की समस्याएं भी बहुत हैं। मीडिया पॉलिसी बने, संस्थाएं ठीक से चले, जिम्मेवारी बड़ी है। चुनौतियां रहेंगी। अवगत कराया गया, वे शिक्षण कार्य में रहे, जनसंपर्क के कार्य में कभी नहीं रहे। यह चुनौतीपूर्ण कार्य है।
प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह द्वारा कहा गया, कुछ लोग ऐसा बोल रहे हैं, सत्ता की कुर्सी नशीली होती है। उन्होंने पत्रकारिता निष्पक्ष की है, सदा निष्पक्ष पत्रकारिता निभाने की कोशिश की है। बातें करने में झुक कर बात की है। शिक्षा में निष्पक्षता रखी। विचार धारा विद्यार्थियों को नहीं दी। कहा गया, व्यवहार सही हो तो सभी लोग साथ रहते हैं। कहा गया, राजनीति गंदी नहीं है, अंदर घुस कर देखना जरूरी है। माननीय मुख्यमंत्री ने जो कहा, सहर्ष स्वीकार किया। तहेदिल आभार व्यक्त करता हूं।
प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह द्वारा उत्तराखंड के पर्वतीय अंचल में बिताए बचपन के दिनों को भी याद किया। गांव की महिलाओं व बड़े बुजुर्गों से मिली प्रेरणा के बाबत अवगत कराया, कहा, वे उनके श्रोत हैं।
आयोजित स्वागत और संवाद समारोह की अध्यक्षता कर रहे चंद्र मोहन पपनै द्वारा अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा गया, वरिष्ठ पत्रकार और शिक्षाविद तथा ‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (आईआईएमसी) के पूर्व डीन (एकैडमिक) प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह को मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिया गया मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व का श्रेय आदरणीय डॉक्टर गोविंद के पत्रकारिता के कई दशकों के गूढ़ अनुभव, मृदु स्वभाव व सरल व्यक्तित्व के साथ-साथ निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता व पत्रकारी शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण व प्रेरणादाई योगदान को जाता है। जो पत्रकारिता जगत से जुड़े पत्रकारों को सुकून देता नजर आता है।
कहा गया, डॉक्टर गोविंद सिंह ने पत्रकारिता को केवल खबरों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे अकादमिक जगत से जोड़कर नई पीढ़ी के पत्रकारों को तैयार करने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया है। डॉक्टर गोविंद सिंह ने पत्रकारिता के क्षेत्र में जो भी आयाम स्थापित किए उन्हें पत्रकारिता जगत से जुड़े पत्रकारों द्वारा सदा सराहा गया है। अब जो महत्वपूर्ण दायित्व मिला है आशा है इस वर्तमान दौर के ग्रामीण व शहरी तथा महानगरीय अभावग्रस्त पत्रकारों व उनके द्वारा संचालित छोटे मोटे संस्थानों व प्रकाशनों के लिए डॉक्टर गोविंद सिंह द्वारा की गई कोशिश हितकर होगी, दूरदर्शितापूर्ण होगी, सोचा जा सकता है।
समारोह अध्यक्ष द्वारा कहा गया, मुख्यमंत्री धामी जी की दृष्टि व सोच को प्रणाम करता हूं, उन्होंने पत्रकारिता की दुनिया से शिक्षण तक प्रोफेसर (डॉ) गोविंद सिंह जी के तीस से अधिक वर्षों के प्रेरणादाई सफर जिसमें उन्होंने धर्मयुग, नवभारत टाइम्स, जी न्यूज, आजतक, आउटलुक, अमर उजाला, हिंदुस्तान और कादंबिनी जैसे देश के प्रतिष्ठित अखबारों व पत्रिकाओं में निष्ठा, समर्पण, निर्भीक व निडर होकर पत्रकारिता का धर्म निभाए सुयोग्य व्यक्ति को मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष का दायित्व दिया है।
चंद्र मोहन पपनै द्वारा बतौर समारोह अध्यक्ष कहा गया, पत्रकारिता से जुड़े अंचल व देश के अनेक पत्रकार अपने आप को डॉक्टर गोविंद सिंह जी के करीब पाते हैं। डॉक्टर गोविंद जी की मजबूती पत्रकारिता की मजबूती है, समाज की मजबूती है। कहा गया, पहाड़ की समस्याओं व दिल्ली प्रवास में निवासरत अंचल के जन समाज की नितांत आवश्यकताओं को डॉक्टर गोविंद जी बेहतरी से जानते हैं, समझते हैं। दिल्ली में उत्तराखंड के एक जन केंद्र की नितांत आवश्यकता है जिसमें अंचल के पत्रकार, रंगकर्म से जुड़े रंगकर्मी, आंचलिक फिल्मों से जुड़े कलाकार, साहित्यकार व सामाजिक संगठनो से जुड़े लोग मिल बैठ, एकजुट हो उत्तराखंड के हित व संवर्धन हेतु कुछ सोच विचार कर सके, योजनाएं बना सके। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति व लोक विधाओं से जुड़े नाटकों की तालीम व मंचन कर सके। आंचलिक फिल्मों का प्रदर्शन कर सके, वार्ताएं व संगोष्ठियां कर सके। उक्त कार्यों हेतु पत्रकारों, साहित्यकारों व जनमानस की उम्मीद डॉक्टर गोविंद जी से बढ़ गई है। करीब तीन घंटे तक चले स्वागत व संवाद समारोह का मंच संचालन नीरज बवाड़ी द्वारा बखूबी किया गया।
—————





