शुक्रवार को भीमताल से खैरना तक जाम की स्थिति से बेहाल हुए यात्री, पहाड़ के लोगों की मुसीबतें बढ़ीं, रानीखेत जन जागरण समिति ने डीएम से‌ लगाई गुहार

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत – भीमताल-भवाली मोटर मार्ग में अब आए दिन लग रहा घंटों जाम पहाड़ के लोगों के लिए मुसीबतें बढ़ाने वाला साबित हो रहा है। प्रशासन की कोशिशें भी चालू सीजन में जाम के आगे बौनी साबित हो रही है।
आज‌ शुक्रवार की सुबह भी 11 बजे दो किमी लंबा जाम लगने से यात्रियों और सैलानियों का जाम का सामना करना पड़ा। फरसौली से भवाली बाजार तक पहुंचने में यात्रियों को आधे घंटे से अधिक का समय लग गया। इससे यात्री और सैलानी गर्मी में परेशान नजर आए।

यह भी पढ़ें 👉  आर्मी पब्लिक स्कूल में कहानी कथन के तहत क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का‌ आयोजन हुआ

इधर रानीखेत जन जागरण समिति के संयोजक गणेश जोशी ‘खजान’ ने संयुक्त मजिस्ट्रेट और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर रानीखेत क्षेत्र के लोगों को जाम के झाम से‌ निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
श्री जोशी ने कहा कि अब हर रोज लग रहे जाम‌ ने पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को बेहाल कर छोड़ा है। खैरना और भवाली के बीच तीन अलग-अलग जगहों पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी वजह से इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा में देरी के कारण गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य की गति भी बहुत धीमी है, जिससे हिल स्टेशनों में पर्यटन सीजन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा है कि रानीखेत का निवासी होने के कारण परेशानी को समझ सकता हूं।यहाँ के लोगों को तब बहुत बुरा हाल होता है जब मरीज़ों को हल्द्वानी रेफर किया जाता है और वे रास्ते में जाम में फंस जाते हैं। उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट और जिलाधिकारी से उचित कार्रवाई कर यहाँ के पर्यटकों और निवासियों की सहायता करने की गुहार की है।