जे एंड जे सिटी मांटेसरी स्कूल गनियाद्योली में कथक प्रशिक्षक प्रो निष्ठा देसाई ने विद्यार्थियों को संगीत कला व कथक नृत्य का महत्व बताया
रानीखेत – सांस्कृतिक समिति के आग्रह पर जूनागढ़ गुजरात से आकर रानीखेत में कथक नृत्याभ्यास करा रहीं प्रो निष्ठा देसाई ने शुक्रवार को जे एंड जे सिटी मांटेसरी स्कूल गनियायाद्योली में विद्यार्थियों को संगीत व नृत्य कला का महत्व बताते हुए कहा कि इससे एकाग्रता बढ़ती है जो विद्यार्थी जीवन में जरुरी है।
उन्होने कहा कि संगीत व नृत्य कलाओं से बेहतर कोई व्यायाम नहीं, इन्हें करने से ध्यान केंद्रित करने की क्षमता में सुधार होता है।कथक नृत्य में लय,ताल, मुद्राओं और भावनाओं का संतुलन बैठाना पड़ता है जो मस्तिष्क को एकाग्र होने का प्रशिक्षण देता है। उन्होंने कहा कि कला से जुड़कर न केवल संवेदनशीलता आती है अपितु मंच प्रस्तुतियों से आत्मविश्वास में वृद्धि भी होती है जो जीवन में सफलता के लिए नितांत आवश्यक है। प्रोफेसर देसाई ने विद्यार्थियों को लहरा की आवर्ती धुन पर तीन ताल का परिचय अभ्यास कराया।
उन्होंने विद्यार्थियों से 21जून 2026से रानीखेत में होने जा रही कथक नृत्य कार्यशाला में जुड़ने की अपील की।साथ ही बताया कि अखिल भारतीय गांधर्व संगीत महाविद्यालय प्रारंभिक वर्ग में विद्यार्थी जून माह में प्रवेश ले सकते हैं। इससे पूर्व सांस्कृतिक समिति रानीखेत अध्यक्ष विमल सती ने प्रोफेसर निष्ठा देसाई का परिचय पक्ष रखते हुए बताया कि वे एक वर्ष से रानीखेत में कथक नृत्य का प्रशिक्षण दे रही हैं। उन्होंने गायन वादन व कथक नृत्य सीखने के इच्छुक विद्यार्थियों से जून माह में प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने को कहा। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक समिति के सहयोग और प्रो देसाई के प्रयास से रानीखेत का एक बैच प्रारंभिक परीक्षा गत नौ मई को दे चुका है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद खुल्बे ने प्रो निष्ठा देसाई का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को नृत्य व संगीत कला की बारीकियों का परिचय कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कला संस्कृति के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए भरोसा दिलाया कि विद्यार्थियों को कथक कार्यशाला में प्रतिभाग व आन लाइन,आप लाइन अभ्यास वर्ग के लिए प्रवेश दिलाया जाएगा।इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य दीप प्रकाश सहित शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे। प्रधानाचार्य विनोद खुल्बे ने प्रो निष्ठा देसाई को स्मृति चिह्न भेंट किया।




सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत में हरेला पर्व पर वृहद रुप से वृक्ष पौधों का किया गया रोपण
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रानीखेत के तत्वावधान में हैड़ाखान मंदिर परिसर में हुआ वृहद वृक्ष पौंधारोपण,सौ से अधिक वृक्ष पौंध रोपे गए