राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत- राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वनस्पति विज्ञान विभाग एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना एवं प्रकृति संरक्षण के महत्व को समझाना था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर कचरा संग्रहण किया गया तथा प्लास्टिक की बोतलों एवं अन्य पॉलीथीन अपशिष्टों का पृथक्करण किया गया। कार्यक्रम के दौरान 4R (Reduce, Recycle, Refuse and Reuse) की अवधारणा को व्यवहारिक रूप से समझाने का प्रयास किया गया, जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो सके।
इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों द्वारा गमलों में बीजों का रोपण किया गया, ताकि भविष्य में पौध तैयार कर वृक्षारोपण गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को “बीजों का रोपण एवं सावधानियाँ” विषय पर जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, प्राण वायु वाटिका प्राचार्य डॉ पुष्पेश पांडे के निर्देशन में सजावटी पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में एम. एस. सी. चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों को उनके विभागीय गतिविधियों में सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पर्यावरण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ प्राची जोशी, एवं अन्य प्राध्यापक डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. तनुजा तिवारी, डॉ. आरती चौहान उपस्थित रहे ।इस कार्य हेतु श्री कृपाल सिंह नेगी एवं ललित मोहन उपाध्याय का विशेष सहयोग रहा।

यह भी पढ़ें 👉  विश्व पर्यावरण दिवस पर चिल्ड्रंस एकेडमी सौनी में बच्चों को बताया गया पर्यावरण का महत्व
Ad Ad