पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, 1600 से अधिक पुलिस पदों पर जल्द होगी भर्ती
देहरादून:उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले देश और राज्य के वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने देश की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए शहीद हुए निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक की पत्नी सुनीता और शहीद उप निरीक्षक विनोद पंवार की पत्नी नीलम को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमेशा शहीद परिवारों के साथ खड़ी है।
राज्य में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत व पुख्ता बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 1,600 से अधिक पुलिस पदों पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बड़ी घोषणा की। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष चारधाम, हेमकुंड साहिब और कैंची धाम में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इन पवित्र स्थानों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात का कुशल प्रबंधन उत्तराखंड पुलिस ने अत्यंत बेहतरीन तरीके से संभाला है।
पुलिसकर्मियों के बढ़ते कार्यभार और मानसिक तनाव को कम करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही, वर्तमान समय की चुनौतियों से निपटने के लिए डिजिटल अपराधों की रोकथाम और नशे (एंटी-नारकोटिक्स) के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई।



मां दुर्गा पूजा महोत्सव गांधी चौक से निकली मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा, गांधी चौक में हुई सामूहिक आरती