सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत में ‘पुलिस स्मृति दिवस’मनाया गया; सीआरपीएफ के 10 साहसी जवानों की अमर शहादत को किया याद

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत 21अक्टूबर -सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत में आज ‘पुलिस स्मृति दिवस’ का आयोजन गर्व एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया । इस अवसर पर देश की सीमाओं की सुरक्षा, आंतरिक शांति और अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई ।

उल्लेखनीय है कि यह ऐतिहासिक दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के अति-दुर्गम ‘हॉट स्प्रिंग्स’ क्षेत्र में चीनी आक्रमणकारियों का अदम्य साहस से मुकाबला करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 साहसी जवानों की अमर शहादत की स्मृति में पूरे देश में मनाया जाता है ।
श्रद्धांजलि समारोह में अमित कुमार, महानिरीक्षक, सीमांत रानीखेत ने सर्वप्रथम शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर जवानों को नमन किया । इसके तत्पश्चात, बल के विशेष सम्मान गार्ड द्वारा ‘शोक शस्त्र’ और धुन के साथ शहीदों को सलामी एवं सम्मान दिया गया ।
समारोह के दौरान अत्यंत भावुक एवं गरिमामय क्षणों के बीच, गत एक वर्ष में देश सेवा एवं कर्तव्य मार्ग पर अपने प्राणों का न्योछावर करने वाले देश भर के राज्य पुलिस बलों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अमर शहीदों के नामों का ससम्मान वाचन कर पढ़कर सुनाया गया । तत्पश्चात, उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों की पावन आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की और उनकी शहादत को नमन किया ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक अमित कुमार ने कहा—
“पुलिस स्मृति दिवस हमारे वीरों के अप्रतिम साहस, सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण का प्रतीक है । लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स से लेकर देश की विभिन्न सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा मोर्चों पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा । हमारे अमर शहीदों की यह शौर्य गाथा सशस्त्र सीमा बल के प्रत्येक जवान को सदैव कर्तव्य पथ पर निष्ठा, स्वाभिमान और पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा देती रहेगी ।”
इस अवसर पर सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल रानीखेत के वरिष्ठ अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे । संपूर्ण परिसर देशभक्ति, गर्व और अमर शहीदों के प्रति अगाध सम्मान के भाव से ओत-प्रोत रहा ।

यह भी पढ़ें 👉  पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, 1600 से अधिक पुलिस पदों पर जल्द होगी भर्ती
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad