राजकीय इंटर कॉलेज सिलोर महादेव में प्रबंधन समिति एवं शिक्षक-अभिभावक संघ की संयुक्त बैठक में विद्यालय के शैक्षिक उन्नयन पर चर्चा
रानीखेत -आज राजकीय इंटर कॉलेज सिलोर महादेव में नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारम्भ अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शिक्षक-अभिभावक संघ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक का संचालन प्रवक्ता जीवन नेगी द्वारा किया गया। बैठक में संस्था के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र पपनें द्वारा विगत सत्र की उपलब्धियों को अभिभावकों के समक्ष साझा किया गया तथा नवीन सत्र हेतु उनके महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए गए। इस अवसर पर समस्त अभिभावकों एवं उपस्थित सदस्यों के विचारों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्था के मध्याह्न भोजन प्रभारी कुंवर पपनें द्वारा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु अभिभावकों से उनके सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए गए।उन्होंने कहा कि बच्चों का पोषण केवल भोजन नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की सशक्त आधारशिला है, अतः इस व्यवस्था को और अधिक उत्कृष्ट बनाने में सभी का सहयोग अपेक्षित है।
ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ शिवराज सिंह बिष्ट द्वारा अभिभावक-शिक्षक संघ तथा विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका एवं सहयोग पर प्रकाश डाला गया तथा सभी अभिभावकों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई। उन्होंने छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने एवं उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने हेतु अभिभावकों को प्रेरित करते हुए खेल जगत में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र मोहित बिष्ट को संस्था की ओर से प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत के रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही विद्यालय के विभिन्न सदनों के सदन प्रमुख एवं छात्र-नेताओं को उनके नाम अंकित बैज प्रदान किए गए।
इसी अवसर पर शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष पद हेतु श्रीमती भावना आर्या तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद हेतु जीवन सिंह बिष्ट को निर्वाचित किया गया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों से विद्यालय की समस्त गतिविधियों एवं संस्था के उत्तरोत्तर विकास हेतु निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।






राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रानीखेत के तत्वावधान में हैड़ाखान मंदिर परिसर में हुआ वृहद वृक्ष पौंधारोपण,सौ से अधिक वृक्ष पौंध रोपे गए
हरेला पर्व पर रानीखेत न्यायालय परिसर में वृक्ष पौधों का रोपण कर दिया हरियाली का संदेश