बुवाई सीज़न में आलू का बीज उपलब्ध न कराने से उद्यान विभाग के प्रति काश्तकारों में नाराज़गी

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत – बुवाई सीजन में भी उद्यान विभाग द्वारा आलू बीज उपलब्ध न कराने जाने से काश्तकारों में नाराज़गी है। कार्यकालों का कहना है कि पंद्रह जनवरी से आलू बीज की बुवाई शुरू हो जाती है लेकिन अभी तक बीज उपलब्ध नहीं कराया गया है।
ग्राम सभा मकड़ों निवासी प्रगतिशील काश्तकार राजेन्द्र सिंह बिष्ट का कहना है कि पूर्व वर्षों में आलू का बीज दिसम्बर माह में उपलब्ध कराया जाता था और पंद्रह जनवरी से बुवाई शुरू कर दी जाती थी।लेकिन इस बार ऐसा न होने से काश्तकारों में नाराज़गी भरी मायूसी है।इसके बरक्स उद्यान विभाग द्वारा मीडिया के माध्यम से जनपद में 12सौ क्विंटल आलू बीज की व्यवस्था करने और कुछ स्थानों पर बीज उपलब्ध करा दिए जाने का भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।एक ओर जिला उद्यान अधिकारी का कहना कि बीज उपलब्ध कराया जा रहा है वहीं काश्तकार महीने भर से बीज का इंतजार कर रहे हैं। श्री बिष्ट ने कहा कि दावा किया जा रहा है कि जनपद में 5 मिट्रिक टन आलू उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जबकि क्षेत्र के काश्तकारों को आलू बीज उपलब्ध कराने में कोताही बरती जा रही है ऐसे में ‌दावे के अनुरूप लक्ष्य को छूना असंभव है। उन्होंने उद्यान विभाग से मीडिया में भ्रामक प्रचार करने के बजाए ‌काश्तकारों की सुध लेने को कहा है।