​मां दुर्गा के जयकारों से गुंजायमान हुआ रानीखेत, खनिया से निकली भव्य शोभायात्रा में छलका लोक रंग

ख़बर शेयर करें -

​रानीखेत: विजयादशमी के पावन पर्व पर रानीखेत का पूरा वातावरण जगज्जननी मां दुर्गा के भक्तिमय जयघोष से गुंजायमान हो उठा। निकटवर्ती खनिया ग्राम सभा में सुबह विशेष पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान के बाद भावभीनी आँखों से माँ दुर्गा की प्रतिमा को पूजा पंडाल से विदा किया गया। इसके पश्चात खनिया से रानीखेत नगर तक मां दुर्गा की एक अत्यंत भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर करन माहरा की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक

​माँ दुर्गा पूजा समिति खनिया के तत्वावधान में प्रातःकाल शुरू हुई यह शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार से होकर गुजरी। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ पड़ी। नगरवासियों ने स्थान-स्थान पर मां के डोले पर पुष्प एवं अक्षत की वर्षा कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा अगले वर्ष पुनः जल्दी आने की प्रार्थना की। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे ‘जय माता दी’ के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

यह भी पढ़ें 👉  मां दुर्गा पूजा महोत्सव गांधी चौक से निकली मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा, गांधी चौक में हुई सामूहिक आरती

​इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण क्षेत्र का समृद्ध लोक रंग रहा। पारंपरिक कुमाऊंनी परिधानों में सजी महिलाओं ने शोभायात्रा के साथ-साथ पारंपरिक ‘झोड़ा’ नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। वहीं, नन्हें-मुन्ने बच्चों ने भी मनमोहक लोक नृत्य पेश कर उपस्थित दर्शकों और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

​मुख्य बाजार से केमू स्टेशन तक भ्रमण के उपरांत मां दुर्गा की शोभायात्रा प्रतिमा विसर्जन के लिए खैरना की ओर रवाना हुई।

यह भी पढ़ें 👉  सशस्त्र सीमा बल सीमांत मुख्यालय में शारदीय नवरात्र पर नौ दिवसीय पूजा अनुष्ठान संपन्न

​सफल आयोजन पर माँ दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट एवं मदन सिंह बिष्ट ने समस्त श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों और ग्राम सभा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भव्यता के साथ संपन्न हो सका।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad