दीवान सिंह हॉल में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित
रानीखेत -युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सेना के दीवान सिंह हॉल, रानीखेत में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत एवं केंद्रीय विद्यालय रानीखेत के छात्र-छात्राओं के साथ दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एडवोकेट ललित जोशी ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न दुष्प्रभावों तथा इसके व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, अनुशासन एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित युवा ही विकसित भारत की सशक्त नींव हैं।”
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। संवाद सत्र में सक्रिय सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कर्नल जी. एस. नेगी, लेफ्टिनेंट कर्नल शशांक सिंह तथा आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य श्री जोशी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत का भविष्य” रहा। सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने, अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को इसके प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।






दीवान सिंह हॉल में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित
रानीखेत में क्यूट कान्हा प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने कान्हाओं की नटखट अदाओं और बाल-सुलभ चेष्टाओं ने सभी का मन मोहा