प्रारूप-7 के जरिए मतदाता सूची से नाम हटाने की शिकायत, रानीखेत कांग्रेस ने की कानूनी कार्रवाई की मांग
रानीखेत, 2 सितंबर। रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए प्रारूप-7 के माध्यम से कथित रूप से गलत, भ्रामक और तथ्यहीन आपत्तियां दर्ज कराए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा रानीखेत-50 को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस कमेटी के अनुसार, कुछ ऐसे मतदाताओं के विरुद्ध भी प्रारूप-7 के माध्यम से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जो संबंधित पते पर निवास कर रहे हैं और मतदाता सूची में विधिवत दर्ज हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गलत आधार पर आपत्तियां दर्ज कराकर पात्र मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन में निर्धारित संख्या से अधिक आपत्तियां प्रस्तुत किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। कांग्रेस ने आपत्तियों के निस्तारण के दौरान कुछ आपत्तिकर्ताओं द्वारा प्रारूप-7 स्वयं न भरने अथवा प्रस्तुत न करने की बात स्वीकार किए जाने का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में संबंधित प्रारूप स्वीकार कैसे किए गए।
कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि प्रारूप-7 के माध्यम से प्रस्तुत सभी संदिग्ध आपत्तियों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत, झूठी या भ्रामक जानकारी देकर आपत्ति प्रस्तुत करना पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता और निष्पक्षता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। किसी पात्र नागरिक को गलत सूचना अथवा दुर्भावनापूर्ण आपत्ति के माध्यम से मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास गंभीर विषय है।
ज्ञापन के माध्यम से रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से की गई कार्रवाई और संबंधित आपत्तियों के निस्तारण की लिखित जानकारी रानीखेत कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित तरीके से मतदाता सूची से न हटे।ज्ञापन देने वालों कांग्रेस के बी०एल०ए०-1 गोपाल सिंह देव, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, बी०एल०ए०-2 मोहम्मद नईम रहे।


प्रारूप-7 के जरिए मतदाता सूची से नाम हटाने की शिकायत, रानीखेत कांग्रेस ने की कानूनी कार्रवाई की मांग
अल्मोडा़ के सोमेश्वर में बारिश का कहर, मलबे में दबने से मां और दो बच्चों की मौत