सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत का 15वां स्थापना दिवस भव्यता और पारंपरिक गौरव के साथ मनाया गया

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत -सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत का 15वां स्थापना दिवस भव्यता और पारंपरिक गौरव के साथ मनाया गया । इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बल के शौर्य, समर्पण और अनुशासित कार्यप्रणाली की झलक देखने को मिली । समारोह का शुभारंभ भावपूर्ण एवं गौरवशाली रहा ।

मुख्य अतिथि, कार्यकारी महानिरीक्षक श्री दुर्गा बहादुर सोनार, उप-महानिरीक्षक सीमांत रानीखेत ने सर्वप्रथम रानीखेत स्थित ‘शहीद स्मारक’ पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया । इसके पश्चात, बल की एक सुसज्जित विशेष टुकड़ी द्वारा मुख्य अतिथि को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया, जो बल की उच्च कोटि की व्यावसायिक दक्षता और अनुशासन का प्रतीक रहा । अपने संबोधन के दौरान श्री दुर्गा बहादुर सोनार ने सीमांत मुख्यालय के समस्त अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी । उन्होंने सीमांत रानीखेत की पिछले एक वर्ष की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बल ने “सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व” के अपने मूल मंत्र को चरितार्थ किया है । इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान का विशेष आयोजन किया गया । महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल, नई दिल्ली की ओर से सराहनीय कार्य करने हेतु चयनित कार्मिकों को ‘महानिदेशक सिल्वर डिस्क’ एवं प्रशंसा पत्र से अलंकृत किया गया । यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि संपूर्ण वाहिनी के लिए प्रेरणा का स्रोत है । स्थापना दिवस की खुशियों को दोगुना करने के लिए जवानों के मध्य विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम दिखा | साथ ही, संदीक्षा परिवार के लिए म्यूजिकल चेयर और बच्चों हेतु सैक रेस का आयोजन किया गया | समारोह का समापन सशस्त्र सीमा बल की अनूठी परंपरा ‘बड़ा खाना’ के साथ हुआ, जहाँ उच्च अधिकारियों और जवानों ने एक साथ बैठकर भोजन किया । इस सह-भोज ने बल के भीतर आपसी भाईचारे और सौहार्द की नींव को और सुदृढ़ किया । समारोह में डॉ. जे. के. शर्मा (कमांडेंट), श्री देबासिस पाल (कमांडेंट), श्री कुमार सुंदरम (द्वितीय कमान अधिकारी), श्री प्रभाकर (उप कमांडेंट), श्री जसवीर सिंह, अधिशासी अभियंता, श्री संजीव डिमरी (सहायक कमांडेंट), श्री राहुल कुमार राय (सहायक कमांडेंट) व अधीनस्थ अधिकारियों व समस्त बल कार्मिकों एवं संदीक्षा परिवार ने भी प्रतिभाग किया ।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत विधानसभा में कांग्रेस ने कसी कमर, ताड़ीखेत विकासखण्ड के न्याय पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति
ADVERTISEMENTS Ad Ad