ताड़ीखेत में ‘मिलनसार महोत्सव’ का भव्य आयोजन: रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोक गीतों ने बांधा समां
ताड़ीखेत :मिलनसार सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा आज ताड़ीखेत के श्रद्धानंद मैदान में ‘मिलनसार महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायक और रंगारंग आयोजन में स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक विरासत और सामाजिक एकता की अनूठी झलक देखने को मिली, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में लोक संस्कृति व समाज के लिए समर्पित लोगों को ‘पहाड़ रत्न’ से सम्मानित किया गया।
लोक संस्कृति और पारंपरिक प्रस्तुतियों की धूम
महोत्सव के मुख्य मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक दलों और स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक शानदार लोकनृत्य और संगीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। विशेष रूप से स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का भरपूर आकर्षण बटोरा। यह महोत्सव उत्तराखंड के ग्रामीण जीवन, उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और प्राचीन परंपराओं को संजोने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक इंदर आर्या और प्रकाश मिलनसार ने अपने लोकप्रिय लोक गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, प्रकाश बिष्ट के निर्देशन में ‘संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति, नयालखोला, अल्मोड़ा’ के कलाकारों ने विगत वर्षों की भांति इस बार भी मनभावन लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
अतिथियों ने की सराहना, आपसी भाईचारे पर दिया जोर
कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, पूर्व विधायक करन माहरा और क्षेत्र पंचायत प्रमुख बबली मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि ‘मिलनसार महोत्सव’ लोक संस्कृति और विरासत का एक अद्भुत संगम बन रहा है। इस तरह के आयोजन न केवल हमारी लुप्त होती लोक संस्कृति को बचाने का कार्य करते हैं, बल्कि लोगों को मनोरंजन का मंच प्रदान करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और मेल-मिलाप को भी मजबूत करते हैं।
सहयोग के प्रति आभार और सफल संचालन
समिति की अध्यक्षा श्रीमती उर्मिला मेहरा और उनकी टीम की अगुवाई में आयोजित इस उत्सव को सफल बनाने के लिए ताड़ीखेत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। सफल आयोजन के लिए अध्यक्षा उर्मिला मेहरा ने सभी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन मिलनसार सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष उर्मिला माहरा और आनंद सिंह माहरा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री कैलाश पंत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीप पांडे, पूर्व प्रमुख हीरा सिंह रावत, धन सिंह रावत, विमला रावत और मिलनसार समिति के संरक्षक मदन सिंह माहरा , कमलेश बोरा ,राम सिंह कार्की, क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





रानीखेत के कुमपुर बाजार (लालकुर्ती) रामलीला में हुआ शूर्पणखा नासिका छेदन; इमरान खान ने किया शूर्पणखा का आकर्षक अभिनय