रानीखेत के ऐतिहासिक खड़ी बाजार रामलीला में निकली भव्य शोभायात्रा, आज होगा रावण-मेघनाद का पुतला दहन
रानीखेत: असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजय दशमी पर्व रानीखेत में सौल्लास मनाया गया। खड़ी बाजार की ऐतिहासिक रामलीला के अंतर्गत मंगलवार सायं भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा पूरे उल्लास के साथ निकाली गई। इस शोभायात्रा में विशेष रूप से आमंत्रित विभिन्न नृत्य दलों की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने लायक थीं, जो उपस्थित जनसमूह के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं।
नगर भ्रमण के बाद होगा पुतला दहन
इस वर्ष नगर की सड़कों की दयनीय स्थिति और उनमें बड़े गड्ढे होने के कारण रावण परिवार के पुतलों को नगर में न घुमाकर सीधे पूर्व निर्धारित नियत स्थल यानी पुराने सीतापुर आंख अस्पताल के पास स्थापित किया गया है। नृत्य दलों के साथ यह शोभायात्रा जरूरी बाजार, रोडवेज स्टेशन, सदर बाजार और गांधी चौक से होते हुए रात्रि में शिव मंदिर के निकट (पुराने सीतापुर आंख अस्पताल) पहुंचेगी, जहां पर रावण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
शोभायात्रा में ये रहे प्रमुख रूप से शामिल
पारंपरिक और सांस्कृतिक उल्लास के साथ निकली इस शोभायात्रा में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जयंत रौतेला, पीयूष साह, मोहन चंद्र जोशी, पंकज साह, चक्रधर पांडे सहित कई गणमान्य लोग और राम भक्त उत्साहपूर्वक शामिल रहे।





उत्तराखंड न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर करन माहरा की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक