सीमान्त मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत में “टी.बी. मुक्त भारत अभियान” पर वृहद् जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रानीखेत – यहां सीमान्त मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत में महानिरीक्षक अमित कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी दिशा-निर्देशन में बुधवार को “टी.बी. मुक्त भारत अभियान” पर एक वृहद् जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. चन्द्रा हयांकी ने अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला, जिसके उपरांत गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय के डॉ. दीपक शर्मा ने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की बारीकियों को साझा करते हुए बताया कि सरकार का लक्ष्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि टीबी की घटना दर और मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाना है। उन्होंने निक्षय पोषण योजना और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान जैसी कल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ उच्च जोखिम समूहों की पहचान के लिए एक्स-रे और आधुनिक ‘न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्टिंग’ के उपयोग पर विशेष बल दिया, ताकि लक्षणहीन रोगियों की भी समय रहते पहचान की जा सके।
कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित समस्त अधिकारीगण और बलकर्मियों ने इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया। उन्होंने न केवल स्वयं को जागरूक रखने बल्कि समाज और अपने कार्यक्षेत्र में टीबी के विरुद्ध एक जन-आंदोलन खड़ा करने तथा इस बीमारी के उन्मूलन में सक्रिय योगदान देने की अटूट प्रतिबद्धता जताई। गोविंद बिष्ट और अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने बल के जवानों में एक नई चेतना का संचार किया, जिससे टीबी मुक्त भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने का मार्ग और अधिक प्रशस्त हुआ है।






राज्य स्तरीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सिटी मांटेसरी स्कूल गनियाद्योली के खिलाड़ियों का दबदबा, 11 पदक जीतकर कब्जाई विजेता ट्रॉफी
रानीखेत में हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, विधायक प्रमोद नैनवाल ने किया उद्घाटन