राइंका कुनेलाखेत में बालिकाओं के समग्र विकास, स्वास्थ्य जागरूकता उद्देश्य से किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम आयोजित

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत -राजकीय इण्टर कॉलेज कुनेलाखेत में बालिकाओं के समग्र विकास, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्म-सशक्तिकरण के उद्देश्य से समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डी. एस. नेगी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन दीप चंद्र पांडे ने किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं परामर्शदाता के रूप में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बजीना की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), सुश्री गीता जोशी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को किशोरावस्था से जुड़े शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक परिवर्तनों के बारे में वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किशोरावस्था जीवन का एक संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है।
अपने संबोधन में उन्होंने निम्न विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला—

  • किशोरावस्था की विशेषताएँ एवं चुनौतियाँ
  • शारीरिक व मानसिक परिवर्तन
  • मासिक धर्म संबंधी समस्याएँ एवं स्वच्छता
  • एनीमिया के कारण, लक्षण एवं रोकथाम
  • संतुलित एवं पौष्टिक आहार का महत्व
  • ल्यूकोरिया संबंधी जागरूकता
  • आयोडीन युक्त आहार की आवश्यकता
यह भी पढ़ें 👉  ख्यूशालकोट में सोलर पंपिंग सिंचाई योजना का भूमि पूजन, 60 परिवारों को मिलेगा लाभ

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि छात्राओं ने निःसंकोच होकर अपनी जिज्ञासाएँ एवं समस्याएँ साझा कीं। विशेषज्ञों द्वारा सरल, संवेदनशील और समाधानात्मक तरीके से उनका मार्गदर्शन किया गया, जिससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा।
इसके अतिरिक्त, आरती बिष्ट मैम ने छात्राओं को Good Touch और Bad Touch के विषय में जागरूक करते हुए आत्म-सुरक्षा, सजगता एवं साहस का संदेश दिया। श्रीमती गीता नेगी मैम ने सकारात्मक सोच, स्वच्छ जीवनशैली और आत्म-देखभाल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को प्रेरित किया।
सभी छात्राओं ने पूरे उत्साह, गंभीरता और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सक्रिय प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत विधानसभा में कांग्रेस ने कसी कमर, ताड़ीखेत विकासखण्ड के न्याय पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति
ADVERTISEMENTS Ad Ad