उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्या और पति के बीच विवाद पर सीएम धामी का बड़ा बयान, कहा– ’22 साल बाद आरोप क्यों? कानून करेगा फैसला’
देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा पारिवारिक और राजनीतिक विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि यह पूरा मामला जांच का विषय है और इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “यह पूरा विषय जांच का विषय है।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो दंपत्ति 22 साल तक साथ रहे, अचानक इतने सालों बाद एक-दूसरे पर ऐसे गंभीर आरोप क्यों लगा रहे हैं?
सीएम धामी ने आगे स्पष्ट किया, “राजनीतिक फायदे या नुकसान के दृष्टिकोण से इस मामले को नहीं देखा जाना चाहिए। देश में कानून व्यवस्था है और कानून ही तय करेगा कि कौन गुनहगार है और कौन निर्दोष।
बता दें कि उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में मंत्री आर्या ने पति पर मारपीट, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी तथा पूर्व में हुए विवाह की बात छिपाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं दूसरी ओर, पति गिरधारी लाल साहू ने इन आरोपों का खंडन करते हुए पलटवार किया है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर करीब 200 से 210 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के संगीन आरोप लगाए हैं।
पति-पत्नी के बीच एक-दूसरे पर लगाए गए इन बेहद गंभीर और संवेदनशील आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। एसआईटी अब दोनों पक्षों के आरोपों की गहनता से जांच कर रही है, जिसके बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।



चितई गोल्ज्यू मंदिर से चलकर रानीखेत में पहुंची उत्तराखंड न्याय यात्रा, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ का दिया संदेश