रामनगर में 18 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर हत्याकांड: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि, पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार
रामनगर : उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र में 18 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की दहेज के लिए हुई हत्या के मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बेहद सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। जांच में साफ हो गया है कि विवाहिता की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गला घोंटकर हत्या की गई थी और इस जघन्य हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाने की साजिश रची गई थी। रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी के महज चार महीने बाद उजड़ी मांग
प्राप्त विवरण के अनुसार, मृतका कोहिनूर (18 वर्ष) मूल रूप से जसपुर की रहने वाली थीं। उनकी शादी इसी साल 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी, ऊंटपड़ाव निवासी उवेश के साथ हुई थी। शादी को अभी मुश्किल से चार महीने ही बीते थे कि ससुराल पक्ष की दहेज की भूख ने इस हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही बुलेट मोटरसाइकिल और 5 लाख रुपए नकद की मांग को लेकर कोहिनूर को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
पोस्टमार्टम और जांच में हुआ खौफनाक खुलासा
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरी घटना की असलियत को बेनकाब कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने कोहिनूर को एक कमरे में बंद कर क्रूरतापूर्वक पीटा, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शारीरिक दबाव बनाकर उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के इस कुकृत्य को छिपाने और गुमराह करने के लिए आरोपियों ने शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या की झूठी कहानी फैलाने का प्रयास किया था, जिसका खुलासा पुलिस जांच में हो गया है।
पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज, सभी मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर पुलिस ने मृतका के पिता नसीम अहमद की तहरीर पर तत्परता दिखाते हुए हत्या और दहेज उत्पीड़न की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति उवेश, सास नसरीन, जेठ और ननद समेत इस घटना में शामिल अन्य संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और साक्ष्य संकलन में जुटी हुई है।



चितई गोल्ज्यू मंदिर से चलकर रानीखेत में पहुंची उत्तराखंड न्याय यात्रा, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ का दिया संदेश