कांग्रेस ने रानीखेत में प्रसिद्ध विचारक, समाज सुधारक स्व. मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि को “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में मनाया
रानीखेत -उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रानीखेत कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार को प्रसिद्ध विचारक, समाज सुधारक स्वर्गीय मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि को “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. टम्टा के सामाजिक समरसता, समानता एवं वंचित वर्गों के उत्थान हेतु किए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।वक्ताओं ने बताया कि स्व. टम्टा ने कुमाऊँ क्षेत्र में दलित एवं शोषित समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई तथा समान अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष किया। उन्होंने छुआछूत एवं भेदभाव के विरुद्ध जनजागरण किया और समाज में आत्मसम्मान की भावना जागृत की। वे शिक्षा प्रसार, सामाजिक संगठन निर्माण तथा राजनीतिक जागरूकता के माध्यम से वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।
उनके प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में सामाजिक चेतना का विस्तार हुआ और समानता व न्याय की मजबूत नींव पड़ी।
कार्यक्रम में महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, वरिष्ठ कांग्रेसी अगस्त लाल साह, पूर्व व्यापार मण्डल उपसचिव विनीत चौरसिया, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, दीप उपाध्याय, जीतन जयाल, प्रदीप रावत, प्रीतम रावत, महेंद्र, राजेश कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने स्व. टम्टा के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए सतत संघर्ष करने का संकल्प लिया।





भारत-UAE संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ उत्तराखंड के चौबटिया में जोरों पर
बीरशिवा स्कूल रानीखेत के छात्र कुणाल जोशी ने उत्तीर्ण की N.D.A की प्रवेश परीक्षा,पहले I.O.Q.M की प्रतिष्ठित परीक्षा भी कर चुके उत्तीर्ण