अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता माँ दुर्गा के दरबार में पहुंचे,भावुक होकर उठाई इंसाफ की आवाज
रानीखेत– अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की। माँ दुर्गा के पावन पंडाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी की आत्मा की शांति और उन्हें न्याय मिलने की कामना के साथ अर्जी लगाई। इस दौरान माहौल भावुक हो उठा और कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराते हुए भाजपा सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना केवल एक परिवार की पीड़ा का सवाल नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता, न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता और सत्ता की जवाबदेही से जुड़ा विषय है। एक बेटी के साथ हुई इस दर्दनाक घटना को लेकर न्याय की मांग आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि अंकिता को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हो और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
माँ दुर्गा के दरबार में अर्जी लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना की कि अंकिता भंडारी की आत्मा को शांति मिले और उसके परिवार को न्याय प्राप्त हो। नेताओं ने कहा कि नारी सम्मान और महिला सुरक्षा की बातें तभी सार्थक होंगी, जब बेटियों को न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और दृढ़ता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोहराया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की आवाज तब तक उठती रहेगी, जब तक न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती। माँ दुर्गा के चरणों में लगाई गई यह अर्जी अंकिता के लिए न्याय की प्रार्थना के साथ-साथ बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति समाज की जिम्मेदारी का संदेश भी बनी।
अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के मामले में न्यायपालिका, कार्यपालिका और जाँच एजेंसियों की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। न्याय की प्रक्रिया में हो रही देरी और जवाबदेही के अभाव ने जनता के धैर्य की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। उत्तराखंड की धरती न्याय, स्वाभिमान और संघर्ष की परंपरा के लिए जानी जाती है। यदि अंकिता को न्याय दिलाने की माँग को इसी तरह टालमटोल और अनदेखी के हवाले किया जाता रहा, तो जनता का आक्रोश और गहरा होगा। न्याय में देरी केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास पर चोट है। अंकिता को न्याय मिलना ही चाहिए—और यह न्याय पारदर्शी जाँच, जवाबदेही तथा निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई के माध्यम से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अन्यथा उत्तराखंड व पहाड़ की परंपरा के अनुसार कांग्रेस पार्टी अंकिता के न्याय के लिए “घात” डालेगी।
कार्यक्रम में महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, महिला नगराध्यक्ष नेहा माहरा, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, पंचायती राज जिलाध्यक्ष त्रिलोक आर्या, विश्व विजय सिंह माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय एवं विजय तिवारी, वंदना जयाल, गीता माहरा, हिमानी, बबिता, उत्कर्षा, जीतन जयाल तथा मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बाइट- गीता पवार , जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस 👆



अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रानीखेत में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, भाजपा सरकार पर उठाए सवाल