पृथ्वी दिवस पर हुआ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत परिसर में प्राण वायु वाटिका का निर्माण

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत -पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत के पर्यावरण प्रकोष्ठ व वनस्पति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में प्राण वायु वाटिका का निर्माण कर कई सजावटी पौधों को लगाया गया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों जैसे जैव विविधता संरक्षण, वनों की कटाई, जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण एवं जल संरक्षण आदि पर चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत विधानसभा में कांग्रेस ने कसी कमर, ताड़ीखेत विकासखण्ड के न्याय पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति

कार्यक्रम के दौरान वनस्पति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्राची जोशी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर व्यक्ति को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान दें और एक हरित भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें। वनस्पति विज्ञान विभाग की प्राध्यापक डॉ. तनुजा तिवारी ने जलवायु परिवर्तन की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अभियान में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्राध्यापकों के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. प्रसून जोशी, डॉ. रश्मि रौतेला, डॉ. किरण पंत, डॉ. मीना परगाई, डॉ. स्तुति जोशी आदि तथा कर्मचारी श्री कृपाल सिंह नेगी, श्री ललित उपाध्याय का सराहनीय सहयोग रहा, जिन्होंने इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।