राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन
रानीखेत– राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के सम्मेलन कक्ष में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध स्थानीय उद्यमी एवं “इंदिरा प्रियदर्शिनी वृक्ष मित्र” पुरस्कार से सम्मानित जोगिंदर सिंह बिष्ट रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मुख्य अतिथि सहित मंचासीन गणमान्य अतिथियों के औपचारिक स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके उपरांत नोडल अधिकारी डॉ. राहुल चंद्रा द्वारा स्वागत संबोधन एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रभारी प्रो. पी.एन. तिवारी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में छात्रों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि जोगिंदर सिंह बिष्ट ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में छात्रों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित नवाचारपूर्ण व्यवसायिक विचार विकसित करने का आह्वान किया। इसके पश्चात देवभूमि उद्यमिता योजना के परियोजना अधिकारी महेंद्र सिंह रौतेला द्वारा विस्तृत एवं व्यावहारिक सत्र का संचालन किया गया, जिसमें उद्यम स्थापना, बाजार विश्लेषण एवं वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्रों की एक परीक्षा आयोजित की गई, जिसके परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे। चयनित छात्र आगामी चरण में तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप में भाग लेंगे।
इस अवसर पर कुल 64 छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्रों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने उद्यमिता को एक संभावित करियर विकल्प के रूप में स्वीकार करने की प्रेरणा प्राप्त की।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय डॉ. राहुल चंद्रा, नोडल अधिकारी, देवभूमि उद्यमिता योजना द्वारा किया गया। कार्यक्रम में रानीखेत के वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर गर्ग एवं महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकगण एवं अन्य संकाय सदस्यगण क्रमशः प्रो. निर्मला जोशी, प्रो. प्राची जोशी, डॉ रश्मि रौतेला, डॉ निर्मला जोशी हिंदी विभाग, डॉ. बी.के. जोशी, डॉ. बी.बी. भट्ट, डॉ. भरत पांडेय, डॉ. नमिता मिश्रा, डॉ. रुचि शाह सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्रसंघ के पदाधिकारी भी सम्मिलित रहे।






सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत में हरेला पर्व पर वृहद रुप से वृक्ष पौधों का किया गया रोपण
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रानीखेत के तत्वावधान में हैड़ाखान मंदिर परिसर में हुआ वृहद वृक्ष पौंधारोपण,सौ से अधिक वृक्ष पौंध रोपे गए