जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम में राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत का दबदबा, रोल प्ले व लोकनृत्य में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तर पर करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व

ख़बर शेयर करें -

​रानीखेत/अल्मोड़ा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) अल्मोड़ा में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम (NPEP) के तहत आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ताड़ीखेत ब्लॉक तथा विद्यालय का नाम रोशन किया है। सामाजिक जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में ताड़ीखेत ब्लॉक का नेतृत्व करते हुए विद्यालय ने समग्र रूप से जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

​संगीत शिक्षिका श्रीमती मीनाक्षी उप्रेती जोशी के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राओं ने प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित चार प्रमुख विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने रोल प्ले (नाटक) तथा लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि समूह चर्चा में तृतीय और पोस्टर प्रतियोगिता में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त कला शिक्षिका श्रीमती सुनीता बोरा के निर्देशन में कुमारी बबली ने चित्रकला/पोस्टर प्रतियोगिता में जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

यह भी पढ़ें 👉  अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता माँ दुर्गा के दरबार में पहुंचे,भावुक होकर उठाई इंसाफ की आवाज

​प्रतियोगिता के समापन पर डायट प्राचार्य डॉ. ललित मोहन पांडे तथा कार्यक्रम समन्वयक/प्रवक्ता अशोक बनकोटी द्वारा विजयी छात्राओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। डायट प्राचार्य डॉ. ललित मोहन पांडे ने राज्य स्तर पर चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने में डायट प्रवक्ता डॉ. कमलेश शिराडी, डॉ. भुवन चंद पांडे, डॉ. हरबंस सिंह बिष्ट, डॉ. कामाक्षा मिश्रा तथा डॉ. सरिता पांडे का विशेष सहयोग रहा।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत दुर्गा पूजा महोत्सव में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित, छात्रा वर्ग में एकता उपाध्याय, महिला वर्ग में संजना आर्या और प्रोफेशनल वर्ग में सीमा रहीं अव्वल

​जनपद स्तर पर सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब विद्यालय की 11 छात्राएं आगामी 5 नवंबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अल्मोड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। रोल प्ले प्रतियोगिता में नेहा, पायल, पूनम, खुशी आर्य और अर्चना बिष्ट तथा लोकनृत्य प्रतियोगिता में किरन, निकिता, रंजना, ऐली, खुशी मेहरा और योगिता प्रतिभाग करेंगी। ये सभी छात्राएं अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती मीनाक्षी उप्रेती जोशी के साथ राज्य स्तरीय मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगी।

यह भी पढ़ें 👉  अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रानीखेत में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, भाजपा सरकार पर उठाए सवाल

​उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम (NPEP) के अंतर्गत राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत विगत 5 वर्षों से लगातार ताड़ीखेत ब्लॉक का नेतृत्व करते हुए अल्मोड़ा जिले का प्रतिनिधित्व राज्य स्तर पर कर रहा है। छात्राओं की इस निरंतर सफलता पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विमला बिष्ट ने सभी विजेता छात्राओं, मार्गदर्शक शिक्षिकाओं तथा अभिभावकों को बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता के लिए अपनी अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad