रानीखेत में डा.अम्बेडकर जयंती पर भव्य शोभायात्रा के साथ अम्बेडकर पार्क में हुआ समारोह, डॉ अम्बेडकर के त्याग और संघर्ष को किया गया याद
रानीखेत- पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी डॉ अम्बेडकर जयंती समारोह समिति रानीखेत के तत्वावधान में बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती भव्य शोभायात्रा और विचार सभा के साथ मनाई गई।
डॉ अम्बेडकर पार्क में आयोजित समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ अम्बेडकर के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि के साथ किया गया।इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका चिलियानौला के अध्यक्ष अरुण रावत और विशिष्ट अतिथि व्यापार मंडल चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि अंबेडकर भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्ति हैं जिन्होंने दलितों को सामाजिक अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। कहा कि विचार मुख्य रूप से सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय और मानवीय गरिमा पर आधारित थे। उन्होंने “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का मूलमंत्र दिया, जिसका उद्देश्य दलितों और शोषित वर्गों को सम्मानजनक जीवन दिलाना था। वे जाति-मुक्त समाज, महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र में सभी को समान अवसर देने के कट्टर समर्थक थे। अन्य वक्ताओं ने डॉ अम्बेडकर के संघर्ष और त्याग से भरे जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला।इस मौके पर बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए।
इससे पूर्व नगर में गांधी चौक,सदर बाजार,जरुरी बाजार होकर डॉ अम्बेडकर पार्क तक भव्य पारम्परिक छोलिया नृत्य के साथ शोभायात्रा निकाली गई जिसमें शामिल लोग जय भीम का उद्घोष करते चल रहे थे।
कार्यक्रम में डॉ अम्बेडकर जयंती समारोह समिति अध्यक्ष गुसाईं राम, इन्द्र लाल अनिल टम्टा, दिनेश टम्टा, चंद्र प्रकाश , वीरेंद्र पंवार आदि अनेक लोग मौजूद रहे।



राजकीय महाविद्यालय रानीखेत में अर्थशास्त्र विभाग में “कौशल विकास और स्वरोजगार :पहाड़ में रोजगार की नई संभावनाएं “विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
राज्य स्तरीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सिटी मांटेसरी स्कूल गनियाद्योली के खिलाड़ियों का दबदबा, 11 पदक जीतकर कब्जाई विजेता ट्रॉफी