रानीखेत के वलना गांव की प्रगतिशील महिला किसान प्रीति पंत को दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान, उत्तराखंड से चुनी गईं एकमात्र कृषक
रानीखेत: उत्तराखंड के रानीखेत की प्रगतिशील महिला किसान प्रीति पंत को कृषि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय ‘महिला किसान दिवस’ के अवसर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन्हें यह गौरवशाली सम्मान प्रदान किया गया। इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए वह पूरे उत्तराखंड राज्य से चुनी जाने वाली एकमात्र महिला कृषक हैं, जिससे पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।
ताड़ीखेत ब्लॉक के वरना गांव की रहने वाली हैं प्रीति पंत
अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत ब्लॉक के वलना (वरना) गांव की निवासी प्रीति पंत पिछले 20 वर्षों से निरंतर कृषि कार्यों से जुड़ी हुई हैं। शुरुआत में पारंपरिक खेती से उन्हें मनमाफिक लाभ नहीं मिल पा रहा था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। करीब 10-12 वर्ष पहले उन्होंने कृषि विभाग के संपर्क में आकर ‘आत्मा योजना’ के तहत विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त किया और आधुनिक कृषि तकनीकों व यंत्रों को अपनी खेती का हिस्सा बनाया।
पारंपरिक और वैज्ञानिक कृषि का अनूठा संगम
प्रीति पंत अपनी खेती में आधुनिक यंत्रों जैसे पावर वीडर, ब्रश कटर, चक्की और चारा काटने की मशीन का प्रभावी उपयोग करती हैं। वह पारंपरिक और वैज्ञानिक तरीकों का बेहतरीन मिश्रण करते हुए मडुवा, गेहूं, भट्ट, मसूर, मक्का, और उड़द जैसी फसलों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की पौष्टिक सब्जियां और मसाले भी सफलतापूर्वक उगा रही हैं। मुख्य कृषि अधिकारी विजय प्रकाश मौर्य के अनुसार, उनकी इस प्रेरणादायक सफलता की कहानी जिला कृषि विभाग द्वारा केंद्र सरकार को भेजी गई थी, जिसके आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर उनका चयन किया गया।
अन्य महिलाओं के लिए बन रही हैं आत्मनिर्भरता की मिसाल
प्रीति पंत ने न केवल आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी पारिवारिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है, बल्कि वे क्षेत्र की अन्य महिला किसानों के लिए भी एक मजबूत प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आधुनिक सोच से पहाड़ी क्षेत्रों में भी कृषि को लाभ का सौदा बनाया जा सकता है।



रानीखेत के वलना गांव की प्रगतिशील महिला किसान प्रीति पंत को दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान, उत्तराखंड से चुनी गईं एकमात्र कृषक
जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम में राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत का दबदबा, रोल प्ले व लोकनृत्य में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तर पर करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व