रानीखेत में वर्षों बाद निखरे हुए रूप में सामने आई होली,छरडी़ पर होली गीतों में खूब नाचे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत- बुधवार को देशभर के साथ रानीखेत में भी रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास से मनाया गया। गली-मोहल्लों में जहां लोगों ने घर-घर जाकर अबीर लगा होली की बधाई दी वहीं खड़ी बाजार तिराहे पर होली मिलन समारोह में उमंग से भरे लोग डीजे की धुनों पर जमकर थिरके। बहुत वर्षों बाद रानीखेत में होली का ऐसा उल्लास देखा गया।

रानीखेत में होली का पर्व शांति और सौहार्द के साथ ही पूरे उल्लास से मनाया गया। वर्षों बाद ऐसी उमंग देखी गई। शिवमन्दिर एवं धर्मशाला समिति द्वारा अपर खड़ी बाजार तिराहे पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां एकत्रित बच्चों, युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक डीजे की धुनों पर जमकर नाचे। तिराहे पर समिति द्वारा जलपान का इंतजाम भी किया गया था।दो घंटे चले इस कार्यक्रम में उम्मीद से ज्यादा उत्साह का अतिरेक दिखाई दिया। कार्यक्रम में होलियारों ने खड़ी होली गायन भी किया।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत विधानसभा में कांग्रेस ने कसी कमर, ताड़ीखेत विकासखण्ड के न्याय पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति

नगर के गली -मोहल्लों में भी लोगों ने घरों से‌ निकलकर एक दूसरे को अबीर लगाकर ,गले मिलकर होली की बधाई दी। बता दें,कि इस बार की होली पर्यटन नगरी के लिए यादगार बनी रही। रंगभरी एकादशी से होलियारों ने लगातार नगर की सड़कों पर रात्रिकालीन खड़ी होली गायन किया वहीं नगर में सांस्कृतिक समिति द्वारा महिला होली फागोत्सव ने होली के उल्लास और आह्लाद को द्विगुणित किया। वहीं घर-घरों में भी महिला होली की स्वर‌ लहरियां ढोलक की थाप व मंजीरे खड़ताल के साथ गूंजती रही। बता दें, बीते कुछ वर्षों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब के प्रचलन व हुड़दंग के कारण होली के रंग बदरंग होते चले गए थे लेकिन इस बार रानीखेत की पारम्परिक होली जिस मर्यादा और सभ्यता के साथ हुई है उससे भविष्य में भी इस पर्व के और अधिक सुकृत रूप में सामने आने की उम्मीद बलवती हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत में प्रस्तावित दो बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं की राज्य सचिवालय में हुई समीक्षा,₹861.73 लाख व ₹480.23 लाख के आगणन पर सहमति

ADVERTISEMENTS Ad Ad