सल्ट पुलिस ने कठपतिया तिराहे पर रामनगर के दो शातिर युवकों को पिस्टल व चाकू सहित किया गिरफ्तार, गांजा तस्करी की मंशा से आए थे
रानीखेत -सल्ट थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान रामनगर के दो शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आगामी त्योहारों और विधानसभा सत्र के मद्देनजर पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी, इसी दौरान कठपतिया तिराहे पर एक अर्टिगा कार (UK 19 TA 1942) को रोककर यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भानू प्रताप बिष्ट उर्फ लक्की बिष्ट (निवासी पेट पड़ाव चौराहा, रामनगर) और अंकित सिंह उर्फ छोटू (निवासी लूटाबड़, रामनगर) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से .32 बोर की एक अवैध देशी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और एक ‘रम्पुरिया’ चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार को भी सीज कर दिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पहाड़ों से गांजा खरीदकर मैदानी इलाकों यानी रामनगर में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। भानू प्रताप पर रामनगर कोतवाली में मारपीट, जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के 3 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अंकित सिंह पर गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों के 4 मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल, सल्ट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0 20/2026) दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



रानीखेत के लालकुर्ती कुमपुर बाजार में हुआ लंका दहन और रावण-अंगद संवाद का भव्य मंचन