रामनगर मार्ग पर कैंटर खाई में गिरा, चालक की मौत, रानीखेत फायर टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया
रानीखेत, अल्मोड़ा: रानीखेत -रामनगर मोटर रोड पर चरिधार से मोहान की ओर जाने वाले मार्ग पर एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।
देर रात मिली थी हादसे की सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर की रात करीब 12:18 बजे फायर स्टेशन रानीखेत को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चरिधार से एक किलोमीटर नीचे मोहान की तरफ एक कैंटर (वाहन संख्या: UK11CA2788) गहरी खाई में जा गिरा है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद हुआ शव
रात्रि के अंधेरे और दुर्गम खाई होने के बावजूद फायर कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया, लेकिन उस समय चालक का कुछ पता नहीं चल सका। सुबह होते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और फायर यूनिट की टीम ने संयुक्त रूप से पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम के अथक परिश्रम के बाद गहरी खाई से चालक के शव को बरामद कर सड़क तक लाया गया और अग्रिम कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मृतक की शिनाख्त
मृतक चालक की पहचान हीरा सिंह पुत्र श्री वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग (जनपद चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रेस्क्यू टीम में शामिल कर्मी:
इस कठिन रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में फायर स्टेशन रानीखेत से लीडिंग फायरमैन (LFM) नरेश जोशी, उमेश चंद गौड़, चालक (DVR) दयाधर ध्यानी और फायरमैन (FM) दिनेश सिंह शामिल रहे।




रामनगर मार्ग पर कैंटर खाई में गिरा, चालक की मौत, रानीखेत फायर टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में संविधान दिवस पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित