सल्ट, मानिला, भतरौंजखान एवं देघाट क्षेत्र में आर्य समाज के संगठन को पुनर्जीवित करने का प्रयास, गठित हुई कार्यकारिणी

ख़बर शेयर करें -

भिकियासैंण 13 नवम्बर :सार्वदेशिक गोकृष्यादि रक्षिणी सभा के संयोजक एवं अल्मोड़ा आर्य समाज के मंत्री दयाकृष्ण काण्डपाल ने आर्य समाज जीनापानी की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए उसे सल्ट, मानिला, भतरौंजखान एवं देघाट क्षेत्र में आर्य समाज के संगठन को पुनर्जीवित करने तथा वैदिक विचारधारा के प्रचार-प्रसार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
दयाकृष्ण काण्डपाल ने बताया कि कुमाऊं के सल्ट, मानिला, भतरौंजखान एवं देघाट सहित आसपास के क्षेत्रों में पूर्व में आर्य समाज का व्यापक प्रभाव रहा है। इन क्षेत्रों में महर्षि दयानन्द सरस्वती के विचारों, वैदिक संस्कृति, सामाजिक सुधार, शिक्षा और कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर आर्य समाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। समय के साथ संगठनात्मक गतिविधियां कमजोर होने के कारण आर्य समाज का प्रभाव भी कम हुआ है। ऐसे में इन क्षेत्रों में आर्य समाज की पुरानी गौरवशाली परंपरा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आर्य समाज जीनापानी को इन क्षेत्रों में संगठन विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने, वैदिक सत्संग, हवन-यज्ञ, धार्मिक एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन तथा महर्षि दयानन्द सरस्वती के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व दिया गया है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्य समाज की गतिविधियों को फिर से सक्रिय किया जाएगा।
गठित कार्यकारिणी में धन सिंह को प्रधान, बालम सिंह असवाल को उपप्रधान, जगत सिंह गोडाकोटी को कोषाध्यक्ष, प्रकाश चन्द्र को मंत्री तथा हंसी देवी को पुस्तकालयाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
काण्डपाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे सामूहिक प्रयासों से संगठन को मजबूत करेंगे और आर्य समाज के सिद्धांतों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि आर्य समाज केवल धार्मिक जागरण का ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, समानता, अंधविश्वास एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण का भी महत्वपूर्ण आंदोलन रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आर्य समाज जीनापानी की नई कार्यकारिणी सल्ट, मानिला, भतरौंजखान और देघाट क्षेत्र में आर्य समाज की गतिविधियों को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।