नशा मुक्ति के संदेश के साथ सीमांत मुख्यालय रानीखेत ने निकाली भव्य मोटरसाइकिल रैली
रानीखेत, 13 नवंबर 2026: भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्ति भारत अभियान’ के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज सीमांत मुख्यालय रानीखेत द्वारा एक भव्य मोटरसाइकिल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। महानिरीक्षक (सीमांत रानीखेत) अमित कुमार के कुशल मार्गदर्शन में निकाली गई इस रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने का सशक्त संदेश देना था।
रैली का शुभारंभ सीमांत मुख्यालय रानीखेत के मुख्य द्वार से उपमहानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणयम द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। पूर्ण अनुशासन और उत्साह के साथ यह रैली गनियाद्योली और रानीखेत टैक्सी स्टैंड से होते हुए गांधी चौक पहुंची और पुनः सीमांत मुख्यालय के मुख्य द्वार पर आकर संपन्न हुई।
बैनर और तख्तियों के माध्यम से किया जागरूक
रैली के दौरान बल के अधिकारियों और जवानों ने हाथों में नशा मुक्ति से जुड़े जागरूकता बैनर व स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ व उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। शहर के प्रमुख चौराहों पर स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बल की इस जन-जागरूकता पहल की जमकर सराहना की।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की ऊर्जा का सही उपयोग आवश्यक
कार्यक्रम के समापन पर महानिरीक्षक श्री अमित कुमार के संदेश के माध्यम से सभी से आह्वान किया गया कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संदेश दिया कि देश को नशामुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस मुहिम में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस जागरूकता अभियान में उपमहानिरीक्षक परीक्षित बेहेरा, उपमहानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणयम, उपमहानिरीक्षक डॉ. चंद्रा ह्याँकी, कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी, कमांडेंट देबासीस पाल, उप कमांडेंट अनिल कुमार जोशी सहित बड़ी संख्या में बलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।





नशा मुक्ति के संदेश के साथ सीमांत मुख्यालय रानीखेत ने निकाली भव्य मोटरसाइकिल रैली
रानीखेत चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने को लेकर आमरण अनशन लाया रंग, अल्ट्रासाउंड साउंड की सुविधा शुरू,स्थायी रेडियोलॉजिस्ट के लिए प्रशासन ने 15दिन की मोहलत मांगी