कटारमल सूर्य मंदिर और रानीखेत मार्ग के बीच जंगल में भड़की आग, दमकल और वन विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के प्रसिद्ध कटारमल सूर्य मंदिर और रानीखेत मुख्य मार्ग के बीच स्थित जंगल में बीते दिवस अचानक आग भड़क उठी। सूखे वन क्षेत्र में लगी इस आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और वन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा और वन संपदा का भारी नुकसान होने से बच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कटारमल मंदिर और रानीखेत रोड के मध्य स्थित जंगल में धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और अग्निशमन विभाग को दी। सूखा क्षेत्र होने के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था।
सूचना मिलते ही अल्मोड़ा अग्निशमन केंद्र की टीम और वन विभाग के कर्मचारी बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने मिनी फायर टेंडर और होजरील की मदद से पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दोनों विभागों के कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही देर में आग को पूरी तरह शांत कर दिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की वन संपदा को बड़ी क्षति पहुंचने से बचा लिया गया।



ताड़ीखेत विकास खंड के 25विद्यालयों के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा