डीएवी स्कूल हल्द्वानी में एशिया कप विजेता भारतीय अंडर-19 क्रिकेट कप्तान लक्ष्य राय चंदानी का भव्य स्वागत
हल्द्वानी, 25 नवम्बर 2026। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी के पूर्व छात्र और भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान लक्ष्य राय चंदानी का बुधवार को एशिया कप विजेता बनने के बाद पहली बार विद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। हाल ही में लक्ष्य की कप्तानी में भारत ने फाइनल मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को पराजित कर अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। अपनी इस ऐतिहासिक जीत के बाद जैसे ही लक्ष्य विद्यालय परिसर में पहुंचे, पूरा माहौल उत्साह, गर्व और हर्ष से सराबोर हो उठा तथा छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट, पुष्पवर्षा और नारों के साथ अपने चहेते खिलाड़ी का जोरदार अभिनंदन किया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस गौरवपूर्ण अवसर पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य अमित जोशी ने लक्ष्य राय चंदानी को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में लक्ष्य के साथ पहुंचे उनके पिता राजेश राय चंदानी और बड़े भाई का भी प्रधानाचार्य द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य अमित जोशी ने कहा कि लक्ष्य की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह पूरे विद्यालय परिवार, हल्द्वानी क्षेत्र, उत्तराखंड राज्य और देश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अनुशासन, कठिन परिश्रम और पूर्ण समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया और लक्ष्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान लक्ष्य राय चंदानी ने भी छात्र-छात्राओं के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए और उन्हें बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी सफलता की यात्रा में विद्यालय से मिले पूर्व मार्गदर्शन और इस भव्य सम्मान के लिए समस्त विद्यालय परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






डीएवी स्कूल हल्द्वानी में एशिया कप विजेता भारतीय अंडर-19 क्रिकेट कप्तान लक्ष्य राय चंदानी का भव्य स्वागत
गुलदार का आतंक: जंगल में घास लेने गई महिला को बनाया निवाला, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम