समीक्षा बैठक में बोले करन माहरा-हम असफल हुए हैं निराश नहीं,जनसरोकारों के साथ हमेशा खडे़ रहेंगे

ख़बर शेयर करें -

रानीखेतः रानीखेत विधान सभा में कांग्रेस की असफलता के कारणों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक यहां पूर्व विधायक करन माहरा के आवास पर हुई जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी की पराजय का मुख्य कारण सरकार की मुफ्त राशन योजना और किसान निधि से खाते में दी जा रही धनराशि को माना गया जिसके सामने पूर्व विधायक करन माहरा के पांच वर्ष किए गए विकास कार्य भी धरे रह गए।

पूर्व विधायक करन माहरा के आवास स्प्रिंग फील्ड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में विधानसभा चुनाव 2022 में असफल होने के कारणों की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने असफलता का मुख्य कारण मुफ्त राशन व किसान निधि के नाम से खाते में आई धनराशि को बताया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि करन माहरा ने जो विकास कार्य रानीखेत विधानसभा में किये है वो एक मील का पत्थर हैं। हार-जीत चुनाव में लगी रहती है, कांग्रेस जनता की परेशानियों को सरकार के समक्ष और प्रबल ढंग से उठती रहेगी। वक्ताओं ने करन माहरा को सर्वमान्य नेता बताते हुए कहा कि उनमें नेतृत्व की अद्भुत क्षमता है और वे सभी को साथ लेकर चलते रहे हैं।
पूर्व विधायक करन माहरा ने अपने संबोधन में कहा कि हम असफल जरूर है लेकिन निराश बिल्कुल भी नहीं हैं, हम कांग्रेसजन फिर एकजुट होकर जनता के लिए काम करेंगे। आगे कहा कि कार्यकर्ताओं को बिल्कुल भी निराश होने के आवश्यकता नहीं है। हम आगे भी निरंतर जनसरोकारों के मुद्दे उठाते रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता ने हमेशा से ही समाज के हितों के लिए काम किया है और आगे भी करते रहेंगे।
कार्यक्रम में ब्लाॅक प्रमुख हीरा रावत, जिला अध्यक्ष महेश आर्या, ब्लाॅक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, पी0सी0सी0 सदस्य कैलाश पाण्डे, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख रचना रावत, व्यापार मण्डल उपाध्यक्ष नेहा मेहरा, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, कार्यकारी अध्यक्ष ग्रामीण – अम्बा दत्त पंत, मोहन सिंह बिष्ट, प्रेम अधिकारी, रश्मि पवार, अगस्त लाल साह, हबीब भाई, गोविन्द सिंह बिष्ट व नगर एवं ब्लाॅक के समस्त सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।