जोशीमठ के सिंग्धार वार्ड में भालू का तांडव: एक ही परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल, गाय की मौत
चमोली/जोशीमठ: पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों और इंसानों के बीच संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सीमांत नगर जोशीमठ के सिंहधार (सिंग्धार) वार्ड का है, जहां बीती देर रात करीब तीन बजे एक भालू ने रिहायशी इलाके में घुसकर भारी उत्पात मचाया। भालू के इस अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक गाय की भी मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भालू ने सबसे पहले एक गाय को अपना निशाना बनाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भड़के और भूखे वन्यजीव की हलचल सुनकर जब परिवार के लोग जागे, तो भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा, जान बचाकर भागने के दौरान दो अन्य लोग भी चोटिल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। इस भयानक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क वन क्षेत्राधिकार की टीम हरकत में आई। वन क्षेत्राधिकार के अधिकारी आशीष जिरवान ने बताया कि विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 15,000 रुपये की राशि उपलब्ध करा दी गई है।
घायल व्यक्तियों का इलाज वर्तमान में जिला अस्पताल में चल रहा है। वन विभाग के नियमानुसार, भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एक लाख रुपये की कुल आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। फिलहाल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा लोगों को रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।



जोशीमठ के सिंग्धार वार्ड में भालू का तांडव: एक ही परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल, गाय की मौत
२३वें दुर्गा पूजा महोत्सव गांधी चौक में आयोजित हुई अंतरविद्यालयी चित्रकला प्रतियोगिता