होनहार अंशु बिष्ट का स्पोर्ट्स कॉलेज हल्द्वानी के लिए चयन, बाल दिवस पर विद्यालय में हुआ सम्मान
बग्वालीपोखर (अल्मोड़ा)। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बग्वालीपोखर के कक्षा 11 के मेधावी छात्र अंशु बिष्ट का चयन फुटबॉल खेल विधा के अंतर्गत स्पोर्ट्स कॉलेज हल्द्वानी (नैनीताल) के आवासीय क्रीड़ा छात्रावास के लिए हुआ है। खेल निदेशालय उत्तराखंड (देहरादून) के अधीन राज्य के विभिन्न जनपदों में संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों हेतु वर्ष 2026 में आयोजित चयन ट्रायल्स के उपरांत अंशु को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
अंशु शुरू से ही पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अव्वल रहे हैं। इससे पूर्व वे राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के साथ ही उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत जनपद स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
बाल दिवस पर दी गई भावभीनी विदाई
अंशु की इस शानदार उपलब्धि पर बाल दिवस के विशेष उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य अजय कुमार जोशी ने अंशु को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और स्पोर्ट्स कॉलेज हल्द्वानी के लिए विद्यालय परिवार की ओर से विदाई दी।
सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए अंशु बिष्ट ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और अपने कोच एवं व्यायाम शिक्षक बाली सिंह राणा के कुशल मार्गदर्शन को दिया। अंशु ने बताया कि नियमित रूप से पढ़ाई के साथ-साथ मैदान पर कड़ा अभ्यास ही उनकी सफलता का मंत्र रहा है। उन्होंने विद्यालय के अनुशासित और खेल अनुकूल वातावरण को भी अपनी इस कामयाबी का मुख्य आधार बताया।
इन्होंने जताई खुशी
अंशु के चयन पर प्रधानाचार्य अजय कुमार जोशी, शिक्षक-अभिभावक संघ (पीटीए) की अध्यक्ष हेमा देवी, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष मनोहर सिंह, शिक्षक अर्जुन सिंह, दिनेश जोशी, दीपिका वर्मा, निर्मला रावत, दीपा टम्टा, विजय कुमार, सुचिता बिष्ट, अंजू गोस्वामी, लक्ष्मण सिंह, तारा पांडे सहित समस्त अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।




होनहार अंशु बिष्ट का स्पोर्ट्स कॉलेज हल्द्वानी के लिए चयन, बाल दिवस पर विद्यालय में हुआ सम्मान
रानीखेत के गांधी चौक पर हल्द्वानी की घटना के विरोध में फूटा गुस्सा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग