हल्द्वानी की दुष्कर्म घटना के विरोध में रानीखेत कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन एवं पुतला दहन; कहा, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारे का खोखलापन हुआ उजागर
रानीखेत -हल्द्वानी में एक नाबालिग बिटिया के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना के विरोध में आज रानीखेत कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गांधी चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने एकजुट होकर पुतला दहन किया और घटना के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान धीरज बिष्ट एवं उनके साथियों को लेकर रोष व्यक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि धीरज बिष्ट वर्ष 2026 में हल्द्वानी महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशी रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि मामले में किसी भी राजनीतिक पहचान या प्रभाव की परवाह किए बिना निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देने वाली हैं। बेटियों की सुरक्षा केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सरकार को धरातल पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के चर्चित नारे ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि हल्द्वानी की घटना सरकार के महिला सुरक्षा संबंधी दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि केवल विज्ञापनों और मंचों पर महिला सुरक्षा की बात करने से बेटियां सुरक्षित नहीं होंगी। इसके लिए सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा पीड़िता एवं उसके परिवार को आवश्यक सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही दोषियों को कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाई जाए।
वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के सवाल पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। रानीखेत कांग्रेस कमेटी पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे नारों को धरातल पर साकार किया जाए और उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में का नेतृत्व प्रभारी डीप डांगी, अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक किरौला व संचालन यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत ने किया।
कार्यक्रम में पी०सी०सी० सदस्य कैलाश पांडेय, जिलाध्यक्ष एस०सी० विभाग गुसाईं राम, ज़िला प्रवक्ता दीपक पंत, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, महिला नगर अध्यक्ष नेहा साह माहरा, विधानसभा सभा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अंकिता पंत,कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, चंद्र किरण सिंह, मोहन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय, विश्व विजय माहरा, ग्राम प्रधान जैनोली नवीन प्रकाश, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दकी, गोपाल सिंह देव, वीरेंद्र कुमार, रुद्र माहरा, हेमंत बिष्ट, प्रमोद पाल, राजेन्द्र कुमार, ज्योति, मुन्नी देवी, ममता देवी, बसंती देवी, कमला देवी, मनोज कोरंगा, वीरेंद्र बिष्ट, करण नेगी, बीरबल सिंह, अभिनव मेहरा, हर्षित मेहरा आदि उपस्थित रहे।


बाइट-अंकिता पंत, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ,👆



हल्द्वानी की दुष्कर्म घटना के विरोध में रानीखेत कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन एवं पुतला दहन; कहा, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारे का खोखलापन हुआ उजागर
रानीखेत-हल्द्वानी मार्ग पर चलती कार बनी आग का गोला, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा