भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की 135वीं जयन्ती को भव्यता से मनाने‌ के लिए ‌‌‌नवीन कलैक्ट्रेट में ‌‌‌‌‌हुई बैठक, रानीखेत में भी निकलेगी प्रभातफेरी

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा 03 सितम्बर, 2022 भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की 135वीं जयन्ती दिवस समारोह को मनाये जाने के सम्बन्ध में अपरजिलाधिकारी चन्द्र सिंह मर्ताेलिया की अध्यक्षता में बैठक नवीन कलक्ट्रेट में आयोजित की गयी। बैठक में 10 सितम्बर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी। उन्होंने कहा कि पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की जन्मस्थली खूॅट में उनके स्मारक पर माल्यापर्ण किया जायेगा इसके अलावा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल आदि भी लगाये जायेंगे। अपर जिलाधिकारी ने खूॅट में स्मारक की सफाई व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, टैण्ट आदि आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को पूर्ण तैयारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण पत्रों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु संस्कृति विभाग को जिम्मेदारी दी गयी है।
बैठक में नगर में होने वाले कार्यक्रमों के सम्बन्ध में भी चर्चा की गयी जिसमें पंत पार्क में पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की मूर्ति पर माल्यार्पण व उनके जीवनवृत्त पर आलोक आदि कार्यक्रम सम्पादित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रातः 07ः00 बजे प्रभातफेरी नन्दादेवी से निकाली जायेगी। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रभात फेरी में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सम्मिलित किया जाय। नगर में होने वाले कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी उपजिलाधिकारी सदर को नामित किया गया है। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पंत पार्क के सामने खड़े वाहनों को जन्म दिवस मनाये जाने पूर्व दिन हटाने की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाय। इस दौरान नगर में सफाई व्यवस्था के अधिशासी अधिकारी नगरपालिका को निर्देश दिये गये। उन्होंने बताया कि अपरान्ह् 02ः00 बजे से रैमजे इण्टर कालेज में विभिन्न विद्यालयों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रतियोगिता, पुरस्कार, मिष्ठान वितरण आदि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि गोविन्द बल्लभ पंत के जन्म दिवस को जनपद के 11 विकासखण्डों में आयोजित किया जायेगा। बैठक में आयोजन समिति रानीखेत के संयोजक विमल सती ने रानीखेत कार्यक्रम को मिलने वाले बजट को नाकाफी बताते हुए इसमें वृद्धि की मांग रखी साथ ही रानीखेत नगर के स्कूली बच्चों की पंत जयंती के दिन प्रभात फेरी निकालने का सुझाव दिया जिसपर अपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश‌ दिए।

बैठक में अध्यक्ष नगरपालिका प्रकाश चन्द्र जोशी, गोविन्द बल्लभ पंत जन्म आयोजन समिति के प्रदेश संयोजक ललित मोहन भट्ट, राजेश कुमार, आयोजन समिति के अध्यक्ष गिरीश चन्द्र शर्मा, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत जयकिशन, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, उप जिलाधिकारी सदर गोपाल सिंह चौहान, विनोद कुमार पाण्डे, ललित पंत, आयोजन समिति रानीखेत से संयोजक विमल सती आदि ने अपने-अपने सुझाव कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु दिये।