भाजपा सरकार का कार्यकाल निराशाजनक,आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है सरकारःगरिमा माहरा दसौनी

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत :- भाजपा सरकार के कार्यकाल की पोल खोल अभियान के तहत रानीखेत पहुंची कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी गढ़वाल मंडल गरिमा माहरा दसौनी ने यहां पत्रकार वार्ता में सरकार के कार्यकाल का‌े निराशाजनक बताया। कहा कि सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। इसी कारण आज तक लोकायुक्त नहीं लाया गया। तराई बीज निगम, छात्रवृत्ति, कोरोना वैक्सीनेशन और कर्मकार बोर्ड में हुए घोटाले जग जाहिर हैं। कहा कि महिला सशक्तीकरण का राग अलापने वाली भाजपा सरकार आंदोलनका‌री महिलाओं और बेरोजगारों पर लाठियां भांजने का काम करती है।
पोल खोल पत्रकार वार्ता में दसौनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने महिला सशक्तीकरण को लेकर जो भी योजनाएं चलाई उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। त्रिवेंद्र सरकार की घस्यारी योजना दम तोड़ चुकी है। बेरोजगारी चरम पर है। उपनल और मनरेगा कर्मियों की उपेक्षा हो रही है। सरकार के दो विधायकों पर महिलाओं के साथ दुराचार के मामले चल रहे हैं। भाजपा सरकार निर्णय लेने में सक्षम नहीं है। पांच साल में जहां घोटाले और भ्रष्टाचार बढ़ा, वहीं महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है। कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो पहली कलम से देवस्थानम बोर्ड निरस्त किया जाएगा। गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाएगा और महिला हित को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की अदूरदर्शिता के चलते कोयले का स्टॉक खत्म हो चुका है। उत्तराखंड में भी अब भारी बिजली कटौती होने वाली है। आरोप लगाया कि सरकार आंदोलनकारी किसानों का दमन कर रही है।
वार्ता के दौरान उन्होने स्थानीय विधायक करन माहरा के जनहित में कराए गए कार्य भी गिनाए। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार ने जो नारे दिए उसके विपरित कार्य करती रही है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के विवादित बोल पर चुटकी लेते उन्होंने कहा कि दुनिया के लोग उत्तराखंड को को मानचित्र में खोजते रहे कि आखिर ये राज्य है कहां जहां का मुख्यमंत्री ऐसा अजूबा है।वार्ता में विधायक करन माहरा,पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, अगस्त साह,जिलाध्यक्ष महेश आर्या, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट,कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी आदि भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  गीता पवार‌ रानीखेत महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष नियुक्त, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी बधाइयां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *