रानीखेत में अज्ञात कारणों से अहाते में खड़ी स्कूटी व बाइक जलकर खाक, पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका
रानीखेत: नगर के सरस्वती शिशु मंदिर के समीप स्थित गोपी निवास के अहाते में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से वहां खड़ी एक स्कूटी और एक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना में वाहन स्वामियों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपी निवास के बाहर (अहाते में) स्थानीय निवासी सुनीता पवार की स्कूटी और कमल बिष्ट की मोटरसाइकिल खड़ी थी। बीती रात अचानक दोनों वाहनों में आग लग गई। जब तक आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए, तब तक आग की लपटों ने दोनों वाहनों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।
प्रथम दृष्टया इस अग्निकांड का कारण पटाखों से उड़ी चिंगारी को माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



राज्य स्थापना दिवस पर रानीखेत जिला घोषणा की आस लगाए लोग निराश; जिला न बनने देने के लिए कौन है दोषी? पढ़िए रिपोर्ट