प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, करन माहरा के पक्ष में सड़कों पर उतरा जन सैलाब

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत ः विधान सभा सीट रानीखेत में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा के समर्थन में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सैलाब नगर की सड़कों पर उतर पड़ा। पहले से तय इस कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन नाम दिया गया था।
प्रचार के अंतिम दिन मतदाताओं का अधिकाधिक समर्थन जुटाने और विरोधियों का मनोबल तोड़ने की रणनीति के तहत कांग्रेस ने यहां आज शक्ति प्रदर्शन रैली का आयोजन किया था जिसमें भारी तादाद में आसपास के कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे,हालांकि इसमें भिकियासैंण से कार्यकर्ताओं को शामिल नहीं रखा गया था। सड़कों पर जोश और उत्साह से भरा युवा कार्यकर्ताओं का हुजूम करन माहरा के पक्ष में जबरदस्त नारेबाजी करते चल रहा था।शक्ति प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं भी मौजूद रही। विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा भी लोगों का अभिवादन करते चल रहे थे। शक्ति प्रदर्शन रैली बी एस एन एल कार्यालय के निकट से आरम्भ होकर सदर बाजार, जरूरी बाजार होकर पूरे नगर में घूमी। इस में दो राय नहीं कि मतदान से 48 घंटे पहले योजनागत ढंग से आयोजित की
गई शक्ति प्रदर्शन रैली ने कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का कार्य किया है।

कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा के पक्ष में शक्ति प्रदर्शन करते कार्यकर्ता व समर्थक। फोटो रामेश्वर गोयल