नीट पेपर लीक के कारण आत्महत्या को मजबूर हुए छात्रों की स्मृति में रानीखेत कांग्रेस का कैंडल मार्च
रानीखेत। रानीखेत कांग्रेस के आह्वान पर शनिवार सायंकाल नीट एवं सीयूईटी परीक्षाओं में सामने आए विवादों, कथित पेपर लीक की घटनाओं, तथा परीक्षा व्यवस्था से निराश होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों की स्मृति में एक भावपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
हाथों में जलती मोमबत्तियां और आंखों में देश के युवाओं के भविष्य की चिंता लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सुभाष चौक से गांधी चौक तक शांतिपूर्वक मार्च करते रहे। पूरे मार्ग में छात्रों के अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर आवाज बुलंद की गई।
गांधी चौक पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि एक छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम, त्याग और अपने परिवार के सपनों को साथ लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उसकी मेहनत, उसके विश्वास और उसके भविष्य को पलभर में बिखेर देती हैं। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था की खामियों से निराश होकर कोई छात्र आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर हो जाता है, तो यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश का दर्द होता है।
वक्ताओं ने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा में हुई गड़बड़ी नहीं है, बल्कि यह लाखों युवाओं के सपनों, उनके आत्मविश्वास और देश की शिक्षा व्यवस्था पर गहरा आघात है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा ऐसी पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली विकसित की जाए, जिससे किसी भी छात्र को अपने भविष्य को लेकर निराशा का सामना न करना पड़े।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आंदोलनरत छात्रों पर कथित बल प्रयोग की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी जायज़ मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले युवाओं को सुना जाना चाहिए, न कि उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाना चाहिए। सरकार का दायित्व छात्रों को न्याय, विश्वास और सुरक्षित भविष्य देना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की, कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरुण रावत, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, एस०सी० प्रकोष्ठ अध्यक्ष गुसाईं राम, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, कार्यालय संचालक रमेश पंत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय व विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, कमल तिवारी, गीता माहरा, हिमानी माहरा, मेघा माहरा, चंद्रा माहरा, इंद्रा रावत, पान सिंह कुवार्बी, मुन्नी देवी, ज्योति, संगीता डोगरा, यूथ ज़िला उपाध्यक्ष अंकित रावत, महासचिव अरसालन शेख़, मनोज कोरंगा, रुद्र माहरा, दीपक सोंटियाल, उत्कर्षा माहरा, भावेश पंत, आशीष सोंटियाल, आदित्य कुमार, गौरव कुवार्बी, सूरज कुवार्बी, नमन तिवारी, पवन बिष्ट, पंकज नयाल, अभिनव माहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



नीट पेपर लीक के कारण आत्महत्या को मजबूर हुए छात्रों की स्मृति में रानीखेत कांग्रेस का कैंडल मार्च
रानीखेत के प्रतिष्ठित व्यवसायी गिरीश वैला के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों व संगठनों ने जताया गहरा शोक