आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की प्रतिमा का अनावरण

रानीखेत -आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में आज एक अत्यंत गौरवपूर्ण एवं भावुक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के वीर पूर्व छात्र शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिन्होंने राष्ट्र सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
विद्यालय परिसर में शहीद की प्रतिमा स्थापित कर उनकी विरासत को स्थायी सम्मान दिया गया। यह प्रतिमा विद्यालय के ही पूर्व छात्र 10 मद्रास रेजिमेंट के कैप्टन सूरज मेहरा द्वारा विद्यालय को भेंट की गई।समारोह में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के पूज्य माता-पिता श्री प्रमोद गोस्वामी एवं श्रीमती सरस्वती गोस्वामी की गरिमामय उपस्थिति रही। उनके साथ कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र आदित्य ने लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के जीवन, उनकी वीरता और उनके सर्वोच्च बलिदान के बारे में विस्तार से बताया, जिसने सभी को गहराई से प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका निभा सिंह द्वारा किया गया।
छात्रों को संबोधित करते हुए कहा गया कि यह केवल एक स्मारक नहीं है, बल्कि उस वीर युवक की विरासत है, जो कभी इसी विद्यालय के गलियारों में पढ़ता था। उनका जीवन हमें सिखाता है कि साहस का अर्थ डर का न होना नहीं, बल्कि डर के बावजूद सही के लिए खड़े रहना है।
अंत में प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने शहीद के माता-पिता प्रमोद गोस्वामी एवं श्रीमती सरस्वती गोस्वामी, माननीय कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक, कैप्टन सूरज मेहरा सहित सभी उपस्थित जनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।






आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की प्रतिमा का अनावरण
रानीखेत महाविद्यालय में एन एस एस के एक दिवसीय शिविर में “विकसित भारत@2047” पर व्याख्यान एवं श्रमदान