कांग्रेस ने ईडी कार्यालय के बाहर किया धरना-प्रदर्शन, सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ से थे गुस्साए

ख़बर शेयर करें -

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी द्वारा की जा रही पूछताछ से गुस्साए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज देहरादून में ईडी कार्यालय का घेराव किया। कार्यालय में घुसने की कोशिश करते कार्यकर्ताओं की पुलिस से हल्की नोकझोंक भी हुई। इस दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।

सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन से जुलूस की शक्ल में क्रास रोड स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे यहां उन्होंने सड़क पर बैठ धरना प्रदर्शन किया। धरने के दौरान अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों के जरिये विपक्ष का उत्पीड़न कर रही है। वर्तमान में केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से आवाज उठा रही है। अपनी कलई खुलती देख भाजपा डर चुकी है। इसलिए एक आधारहीन मुद्दे की आड़ में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को परेशान करने की साजिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नगर पालिका में समायोजित करने की मांग पर आठवें दिन भी जारी रहा नागरिकों का धरना, जुलूस निकाला

पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसी से डरने वाली नहीं है। भाजपा को समझ लेना चाहिए कि उसका चेहरा बेनकाब हो चुका है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आठ साल के कार्यकाल में भाजपा ने देश को सबसे बुरे दौर में खड़ा कर दिया है। चंद उद्योगपति मित्रों के लिए भाजपा देश के करोड़ों लोगों के हितों को ताक पर रख चुकी है।उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस भाजपा के जन विरोधी चेहरे को बेपर्दा कर रही है तो केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *