आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों एवं जागरूकता रैली का आयोजन
रानीखेत। विश्व पर्यावरण दिवस एवं पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के नेचर क्लब द्वारा “क्लाइमेट एक्शन” विषय पर सप्ताह भर विविध जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
कार्यक्रमों का शुभारंभ विद्यालय की प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा प्रकृति के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पर्यावरणविद् जोगेन्द्र सिंह बिष्ट ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौतियों तथा उनसे निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
पर्यावरण सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए सामुदायिक भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से खाद्य अपव्यय को रोकने तथा सतत जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता विकसित की गई।
विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु अंतर-सदन ग्रीन रंगोली एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। इन समस्त कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं समन्वयन में श्रीमती किरन जोशी, श्रीमती ज्योति नेगी एवं सुश्री तनुजा बिष्ट का विशेष योगदान रहा।
पर्यावरण सप्ताह के मुख्य आकर्षण के रूप में 05 जून को सायं 5:30 बजे गांधी चौक से विजय चौक तक भव्य पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने एएनओ देव सिंह बिष्ट तथा श्री भूपेंद्र परिहार के निर्देशन में रैली में भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास से संबंधित नारों और संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। आकर्षक बैनर एवं पोस्टरों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के शिक्षकों ने हरित परिधान धारण कर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
सप्ताह भर आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एनसीसी कैडेट्स की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।






आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों एवं जागरूकता रैली का आयोजन
रानीखेत में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जाना दुर्घटना में घायल हुई कांग्रेस कार्यकर्ता की पत्नी का हाल