रक्षाबंधन पर सेना एवं पुलिस कर्मियों को आर्मी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बांधी राखियां

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत: विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत के विद्यार्थियों ने देश की सेवा में समर्पित सेना एवं पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अपने हाथों से सुंदर एवं आकर्षक राखियाँ तैयार कीं। विद्यार्थियों ने इन हस्तनिर्मित राखियों को सेना के अधिकारियों एवं जवानों तथा पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस कर्मियों को भेंट किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से यह संदेश दिया कि राष्ट्र की सुरक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले वीर सैनिक एवं पुलिसकर्मी समाज के लिए परिवार के सदस्यों के समान हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रेम, सम्मान और देशभक्ति की भावना से तैयार की गई इन राखियों को पाकर सुरक्षा बलों के जवानों ने विद्यार्थियों के इस भावपूर्ण प्रयास की सराहना की।

यह भी पढ़ें 👉  रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर देवास आश्रम चौकुनी में मनाया गया स्नेह उत्सव, 200 से अधिक मातृशक्ति को भेंट की गई साड़ियां

विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने विद्यार्थियों की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति, संवेदनशीलता, सम्मान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर देवास आश्रम चौकुनी में मनाया गया स्नेह उत्सव, 200 से अधिक मातृशक्ति को भेंट की गई साड़ियां

कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को केवल भाई-बहन के स्नेह तक सीमित न रखते हुए राष्ट्र की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों एवं पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना था। विद्यार्थियों का यह प्रयास “रक्षा के बंधन से राष्ट्र के रक्षकों तक” की भावना को सार्थक करता है।

यह भी पढ़ें 👉  रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर देवास आश्रम चौकुनी में मनाया गया स्नेह उत्सव, 200 से अधिक मातृशक्ति को भेंट की गई साड़ियां

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं हेम पंत, बृजेश जोशी, आशा बिष्ट, भावना बिष्ट, ज्योति बोरा, मोनिका बिष्ट, रिचा पंत, दीप्ति पांडे, तनुजा बिष्ट एवं वैष्णवी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक राखियों का निर्माण किया और इस सामाजिक एवं राष्ट्रभावना से जुड़ी गतिविधि को सफल बनाया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad