कांग्रेस का विहिप को जवाब: करन माहरा ने विधायक रहते 90 से अधिक मंदिरों व धूणियों में कराए विकास कार्य
रानीखेत- कांग्रेस कमेटी रानीखेत ने विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि धार्मिक आस्था के नाम पर भ्रामक राजनीति करने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात की जानी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि पूर्व विधायक, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य करन माहरा ने अपने विधायक कार्यकाल में रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के 90 से अधिक मंदिरों, धूणियों एवं धार्मिक स्थलों में निर्माण, जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्य कराए हैं, जिनका पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध है।
कांग्रेस कमेटी ने कहा कि श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर, मां नंदा देवी मंदिर, नीलकंठ मंदिर, महर्षि वाल्मीकि मंदिर (कीलघर, लालकुर्ती एवं चौबटिया), ग्राम ऐरोली एवं एरोड़ की धूणियां, लोधीयाखान मंदिर में निजी व्यय से भवन निर्माण तथा ग्राम सभा खनिया के गोल्ज्यू मंदिर एवं धूणी सहित अनेक धार्मिक स्थलों में कराए गए विकास कार्य इसका प्रमाण हैं। यदि किसी को संदेह है तो कांग्रेस सभी अभिलेख और विस्तृत सूची सार्वजनिक करने के लिए तैयार है।
रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने विश्व हिन्दू परिषद से भी पूछा कि संगठन ने अपने स्तर पर रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में कितने मंदिरों, धूणियों अथवा धार्मिक स्थलों के निर्माण, जीर्णोद्धार या विकास के लिए कार्य किए हैं। यदि किए हैं तो उनकी सूची भी सार्वजनिक की जाए, जिससे जनता दोनों पक्षों के कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन कर सके।
कांग्रेस ने कहा कि आज प्रदेश में भाजपा की सरकार है और रानीखेत में भाजपा के विधायक हैं। ऐसे में विकास कार्यों की जिम्मेदारी सत्ता पक्ष की है। अपनी विफलताओं का दोष विपक्ष पर मढ़ना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीराम सम्पूर्ण भारत की आस्था के प्रतीक हैं। श्रीराम और सनातन संस्कृति किसी एक संगठन या राजनीतिक दल की बपौती नहीं हैं। कांग्रेस ने सदैव सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान किया है और भविष्य में भी करती रहेगी।
कांग्रेस ने विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल एवं अन्य हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि यदि उनका दावा है कि वे किसी राजनीतिक दल के लिए कार्य नहीं करते, तो उन्हें धर्म और आस्था से जुड़े प्रत्येक विषय पर समान निष्पक्षता दिखानी चाहिए।
कांग्रेस कमेटी ने कहा कि यदि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद एवं अन्य हिन्दू संगठन निष्पक्ष रूप से आवाज उठाते हैं, तो रानीखेत कांग्रेस कमेटी भी धर्म और आस्था के सम्मान में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन में सहभागी बनेगी।
अंत में कांग्रेस ने कहा कि जनता भावनाओं से नहीं, बल्कि तथ्यों और कार्यों के आधार पर निर्णय करती है। इसलिए धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति ही लोकतंत्र को मजबूत कर सकती है।

कांग्रेस का विहिप को जवाब: करन माहरा ने विधायक रहते 90 से अधिक मंदिरों व धूणियों में कराए विकास कार्य
विश्व हिन्दू परिषद ने पूर्व विधायक करन माहरा द्वारा विहिप, बजरंग दल को निशाना बनाने की निंदा की, माहरा की राम लला सम्मान रैली पर उठाए सवाल