विधायक आवास पर जुटी महिलाएं,लिया बीजेपी सरकार की विफलताओं को घर-घर तक बताने का संकल्प

ख़बर शेयर करें -

द्वाराहाट:- विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से जुडी़ महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए जीवनदायिनी गगास नदी के संरक्षण के लिए नदी किनारे वृहद पौधारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया है साथ ही भाजपा सरकार की विफलताओं को घर -घर पहुंचाने का कार्यक्रम भी तय किया है।


बग्वालीपोखर में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट के आवास पर हुई महिला कांग्रेस की बैठक में खासी संख्या में महिलाएं जुटी। बैठक में महिलाओं ने खेती को नुकसान पहुंचा रही बंदर व सूअरों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया, कहा कि सरकार ने पिछले पांच साल में इसके लिए कोई नीति नहीं बनाई।

महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष कमला कैड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में खासी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी। महिलाओं ने भाजपा सरकार पर वायदों से मुकरने का आरोप लगाया। कहा कि महिलाएं सबसे अधिक जंगली जानवरों, बंदरों और सूअरों के आतंक से परेशान हैं। चुनाव के वक्त जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक समस्या जस की तस खड़ी है। तय हुआ कि गांव -गांव में महिला कांग्रेस वृहद पौधारोपण अभियान चलाएगी, जीवनदायिनी गगास नदी को बचाने के लिए भी पौधारोपण होगा। इनका संरक्षण किया जाएगा।
पूर्व विधायक मदन ‌बिष्ट ने महिलाओं के इस संकल्प की सराहना की, कहा कि महिला कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। गांव -गांव में तमाम तरह के सामाजिक कार्य भी महिलाओं द्वारा किए जाएंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास का पहिया जाम करने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ कोरे आश्वासन देने पर विश्वास करती है। कहा कि महिलाओं को संगठन से जोड़ने से कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी। ग्रामीणों की समस्याओं को उन्होंने सरकार बनते ही दूर कराने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने सहयोग के लिए महिलाओं का आभार जताया। बैठक में पार्वती देवी, दीपा अधिकारी, यशोदा बिष्ट, बचुली देवी, हीरा देवी, कुंती देवी, दीपा चौधरी, ग्राम प्रधान दुधोली पूजा, तुलसी देवी, दीपा देवी, लीला देवी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।