80वें स्वतंत्रता दिवस पर भतरौंजखान में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने निकाली प्रभात फेरियां

सी एम पपनै
भतरौंजखान – स्वतंत्रता दिवस के 80वें गौरवशाली अवसर पर अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों से जुड़े भतरौंजखान कस्बे के इर्द-गिर्द स्थापित स्कूल क्रमशः राजकीय कन्या हाईस्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, राजकीय इंटर कालेज, डी एन पी हाईस्कूल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ने देश प्रेम के गगनभेदी नारों के साथ प्रभात फेरियां निकाली।
छात्र-छात्राओं द्वारा भतरौंजखान बाजार में प्रभात फेरियां निकाली , इससे पूर्व उक्त विद्यालयों के प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए । आमंत्रित अतिथियों द्वारा देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सैनिकों के त्याग, बलिदान और शौर्य को नमन कर उनकी गाथाओं का बखान कर छात्र-छात्राओं को देशभक्ति की प्रेरणा दी गई। वक्ताओं द्वारा अपने संबोधन के मध्य स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें’, ‘भगत सिंह अमर रहें’, ‘चंद्रशेखर आजाद अमर रहें’, ‘सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहें’ वीर स्वतंत्रता सेनानियों के नामों के जयघोष किए गए।
भतरौंजखान स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में नन्हे मुन्ने स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति पर आधारित गीतों व गाथाओं को मनमोहक व प्रभावशाली नृत्यों व नाटकों में पिरो कर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।स्कूल प्रांगण में मुख्य व विशिष्ट अतिथियों में प्रमुख रघुवर सिंह कडाकोटी,चंद्र मोहन पपनै, विष्णु दत्त पंत, मदन मोहन पंत, राजेंद्र पांडे तथा स्कूल प्रधानाचार्य हरी सिंह मेहता के कर कमलों झंडा रोहण किया गया, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा कैलाश चंद्र पांडे, खजान हरबोला, अजय पांडे, गोपाल पांडे, ख्याली चंद्र चौधरी, कुसुम देवी, संतोष रावत, विनीता चंद्र, भगवत सिंह नेगी, जगदीश पांडे, स्कूल प्रबंधन से जुड़ी अध्यापिकाओं व आचार्यों के सानिध्य में राष्ट्रगान गाया गया।

मुख्य अतिथि चंद्र मोहन पपनै व विशिष्ट अतिथि विष्णु दत्त पंत तथा सरस्वती शिशु मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र पांडे द्वारा देश के स्वतंत्रता संग्राम तथा स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी अनेको प्रेरणादाई गाथाओं पर प्रकाश डाला। स्कूल प्रबंधन द्वारा उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों व छात्र-छात्राओं के मध्य स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में मिष्ठान वितरण किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य हरी सिंह मेहता द्वारा सभी अतिथियों व बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों की उपस्थिति के प्रति आभार प्रकट कर आयोजित कार्यक्रम समापन की घोषणा की गई।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर भतरौंजखान में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने निकाली प्रभात फेरियां
राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज रानीखेत में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया आज़ादी का जश्न