श्रीराम मंदिर चढा़वा चोरी की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच एवं रानीखेत उप जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति हो- करन माहरा
रानीखेत- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक करन माहरा ने आज यहां आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने हाल के चर्चित शर्मा हत्याकांड का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि गंभीर आपराधिक मामलों से जुड़े लोगों को सरकारी संरक्षण मिलने जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध अनेक आपराधिक मुकदमे दर्ज हों, तो उसे सरकारी स्तर पर किसी प्रकार की सुविधा या लाइसेंस दिए जाने की प्रक्रिया की भी जांच आवश्यक है।
प्रेस वार्ता में करन माहरा ने अयोध्या स्थित श्रीराम राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे, सोने एवं अन्य दान सामग्री को लेकर उठ रहे सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों ने भगवान श्रीराम के प्रति आस्था के साथ दान दिया है, इसलिए जनता को उसके उपयोग का स्पष्ट हिसाब मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर शनिवार को रानीखेत में विरोध रैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से प्रतीकात्मक रूप से चावल एकत्र किए जाएंगे, जिन्हें अयोध्या भेजते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।
प्रेस वार्ता में उन्होंने रानीखेत उप-जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अस्पताल से कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण के कारण मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही अनेक विशेषज्ञ चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियन, वाहन चालक तथा अन्य कर्मचारियों के पद लंबे समय से रिक्त हैं।
करन माहरा ने राज्य सरकार से मांग की कि रानीखेत अस्पताल सहित प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं, स्थानांतरित विशेषज्ञ चिकित्सकों के मामलों की समीक्षा की जाए तथा आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रेस वार्ता में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, पी०सी०सी० सदस्य कैलाश पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम अधिकारी, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, एस०सी० प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गुसाईं राम, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव, सभासद चिलियानौला सुंदर कुवार्बी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय व विजय तिवारी, हेमंत बिष्ट मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे।


श्रीराम मंदिर चढा़वा चोरी की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच एवं रानीखेत उप जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति हो- करन माहरा
चिलियानौला नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद पर कमलेश बोरा की पुनः नियुक्ति, शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार